दोबारा सीएम बनने के बाद पहली बार पर अयोध्या पहुंचे योगी ने कहा रामलला के दर्शन किए और साधु-संतों का आशीर्वाद लिया।सीएम ने अंतरराष्ट्रीय रामकथा संग्रहालय में रामनवमी मेले की तैयारी की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि नगर निगम मठ-मंदिरों, धर्मशालाओं एवं धर्मार्थ कार्य से जुड़ी संस्थानों से गृहकर, जलकर व्यावसायिक दर से न लें।
दूसरी बार मुख्यमंत्री बनने के बाद पहली बार रामलला के दरबार में नवरात्रि से एक दिन पहले अयोध्या पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को रामलला के दर्शन किए और संतों का आशीर्वाद लिया। उन्होंने कहा कि नगर निगम मठ-मंदिरों, धर्मशालाओं एवं धर्मार्थ कार्य से जुड़ी संस्थानों से गृहकर, जलकर व्यावसायिक दर से न लें। ये सभी संस्थाएं धर्मार्थ एवं जन सेवा का कार्य करती हैं। इनसे सिर्फ टोकन मनी के रूप में सहयोग लिया जाए। आवश्यक हो तो इसका प्रस्ताव बनाकर भेज दें और शीघ्र ही नगर विकास विभाग से अनुमोदन भी प्राप्त कर लें।
विज्ञापन
रामनवमी मेले को हो भव्य आयोजन-सीएम
सीएम योगी ने अंतरराष्ट्रीय रामकथा संग्रहालय में रामनवमी मेले की तैयारी की समीक्षा बैठक में ये निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राममंदिर पर सुप्रीम फैसला आने और कोविड से निजात मिलने के बाद यह पहली रामनवमी है। इसकी तैयारी भव्यता से कराएं और अयोध्या को विश्व मानचित्र पर लाने की कोशिश करें।
उन्होंने कहा कि शासन-प्रशासन का कोई भी अधिकारी एवं वीआईपी अष्टमी-नवमी को अयोध्या का भ्रमण न करें। यदि करेंगे तो उन्हें सामान्य भक्तों की ही तरह दर्शन कराया जाए। नगर निगम के महापौर ऋषिकेश उपाध्याय ने कहा कि नगर निगम प्रशासन को अयोध्या जोन से टैक्स के रूप में करीब ढाई करोड़ की आमदनी होती है। इस जोन में करीब 8 हजार मठ-मंदिर और आश्रम हैं। बोर्ड की अगली बैठक में मुख्यमंत्री के निर्देश के अनुरूप प्रस्ताव लाया जाएगा।