अयोध्या। हिंदू युवा वाहिनी की मंडलीय संगठन समीक्षा बैठक प्रेस क्लब में हुई। इसमें अयोध्या, बाराबंकी व अंबेडकरनगर के पदाधिकारियों की मौजूदगी रही। मुख्य अतिथि प्रदेश महामंत्री प्रमोद कुमार मल्ल ने कहा कि युवा राष्ट्रहित में चलने वाले अभियान का हिस्सा बनें। अंतिम व्यक्ति के उत्थान की परिकल्पना को सार्थक करने में अपना सकारात्मक योगदान दें।
प्रदेश उपाध्यक्ष राजदेव सिंह ने कहा कि संगठन को गतिशील करने के लिए जिला स्तर के पदाधिकारी एक-एक ब्लॉक को गोद लें। यहां न्याय पंचायत स्तर पर 15 से 20 कार्यकर्ताओं की एक सक्रिय टीम तैयार करें। जिला कार्यकर्ता व ब्लॉक कार्यकर्ता सम्मेलन की तिथियां निर्धारित कर दें। इन सम्मेलन में प्रदेश स्तर के पदाधिकारी भी मौजूद रहेंगे।
मंडल प्रभारी आशीष सिंह ने बताया कि अयोध्या व बाराबंकी में जिला कार्यकर्ता सम्मेलन 25 सितंबर को और अंबेडकरनगर में 27 सितंबर को आयोजित होगा। इसके साथ में अक्तूबर में सभी ब्लॉकों में सम्मेलन होना है। जिसकी तैयारी में पदाधिकारी अभी से जुट जाएं।
कार्यक्रम की अध्यक्षता अयोध्या जिलाध्यक्ष राकेश सिंह व संचालन जिला प्रभारी पवन मिश्रा ने किया। इस अवसर पर अयोध्या जिला संयोजक संजय सिंह, जिला महामंत्री ललित सिंह, संतोष सिंह, देव रावत, महानगर अध्यक्ष शम्भूनाथ जायसवाल व अनुपम द्विवेदी सहित अंबेडकर नगर व बाराबंकी के पदाधिकारी मौजूद रहे।