अयोध्या। दीपोत्सव-2021 की तैयारियां जोरों पर चल रही हैं। योगी सरकार के पांचवें दीपोत्सव को भव्य बनाने के लिए शासन-प्रशासन ने पूरी ताकत झोंक दी है। राम की पैड़ी से लेकर सरयू घाट व रामकथा पार्क को सजाने-संवारने का काम चल रहा है।
दीपोत्सव में सरयू तट स्थित कोरियाई पार्क का उद्घाटन भी होना है। इसके लिए कोरिया गणराज्य के राजदूत भी आ सकते हैं। 24 करोड़ से चल रहे पार्क के विस्तारीकरण का काम अंतिम दौर में है।
दीपोत्सव को लेकर रामनगरी अयोध्या को आकर्षक एवं भव्य बनाने में एजेंसियां जुटी हैं। राम की पैड़ी पर नौ लाख दीपक जलाकर नया विश्व रिकॉर्ड बनाने की तैयारी है।
इसके लिए राम की पैड़ी के 32 घाटों पर रामायणकालीन प्रसंग बनाने का काम प्रारंभ कर दिया गया है। सरयू घाट से लेकर रामकथा पार्क को भी नया लुक देने में एजेंसियां जुटी हुई हैं।
इस बार दीपोत्सव का आकर्षण कोरिया पार्क भी होगा। सरयू तट स्थित कोरिया पार्क भारत और कोरिया के ऐतिहासिक संबंधों का साक्षी है। दीपोत्सव में इस पार्क का लोकार्पण भी होना है, इसलिए पार्क को भव्यता प्रदान करने का काम अंतिम दौर में हैं।
भारत सरकार द्वारा 24 करोड़ की योजना से कोरिया पार्क का ढाई एकड़ में विस्तारीकरण हो रहा है। कोरिया पार्क में भारत और कोरिया के स्थापत्य कला का भी नमूना दिखेगा। दोनों देशों की संस्कृति पार्क में विभिन्न आयामों में आकर्षण का केंद्र होगी।
दीपोत्सव में पार्क के उद्घाटन की तैयारी है। इसलिए इन दिनों पार्क को भव्यता देने का काम दिन-रात किया जा रहा है। अयोध्या की राजकुमारी सूरीरत्ना (महारानी हौ) की अयोध्या से कोरिया तक की समुद्री यात्रा के दृश्यांकन के लिए तालाब का निर्माण अंतिम दौर में है।
साथ ही क्वील पवेलियन में महारानी हौ की प्रतिमा व किंग पवेलियन में राजा सूरो की प्रतिमा स्थापित की जा रही है। अभी एक दिन पूर्व ही कोरिया के नौ सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने पार्क के विस्तारीकरण के काम का निरीक्षण किया है।
उनकी रिपोर्ट के आधार पर पार्क के उद्घाटन की योजना बनेगी। कोरिया पार्क की दीवारों पर दोनों देशों की सांझी विरासत को चित्रों के जरिए उकेरा जा रहा है।
इसमें पार्क में अवध की वास्तुकला व संस्कृति का प्रस्तुतीकरण व कोरिया के गिम हे सिटी की पहचान भी दर्शाई जाएगी। पार्क में महारानी हौ व राजा सूरो के बारे में जानकारी देने के लिए दीवारों पर चित्र उकेरे जा रहे हैं।
कई अन्य माध्यमों का भी इस्तेमाल किया जा रहा है। डिजीटल तरीके से पार्क को भव्यता देने की तैयारी है। मेडिटेशन सेंटर, पाथ-वे, पार्किंग आदि का निर्माण भी पूरा होने को है।
अभी कोरिया गणराज्य से अतिथि के रूप में किसी को आमंत्रित नहीं किया गया है। कोरिया के राजदूत के आने की अधिकृत सूचना नहीं है। दीपोत्सव में कोरिया पार्क का उद्घाटन होने की संभावना है। पार्क के विस्तारीकरण का काम पूरा किया जा रहा है। कोरिया की टीम ने पार्क का निरीक्षण किया है। उनकी ओर से रिपोर्ट आने के बाद कोरिया गणराज्य से किसे अतिथि के रूप में आमंत्रित किया जाएगा, इसका निर्णय सरकार को करना है।- आरपी यादव, क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी
अयोध्या-दीवारों पर उकेरी जा रही दोनो देशों के मधुर संबंधो की कहानी- फोटो : FAIZABAD
अयोध्या-किंग पवेलियन पर बना फुट ओवरब्रिज- फोटो : FAIZABAD
अयोध्या-कोरिया पार्क में तैयार हो रहा किंग पवेलियन- फोटो : FAIZABAD