इटावा। सिविल लाइन थाना क्षेत्र के कचौरा रोड पर गांव नगला नगौली में बाजार जा रहे साइकिल सवार युवक को पिकअप ने टक्कर मार दी। घायल युवक को जिला अस्पताल से सैफई रेफर कर दिया गया। युवक की सैफई पहुंचने से पहले ही मौत हो गई।
हादसे से गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने सड़क पर शव रखकर जाम लगा दिया। पुलिस के समझाने पर ग्रामीण शांत हुए।
घटना बुधवार देर शाम करीब साढे़ सात बजे के आसपास की है। गांव निवासी 28 वर्षीय गयादीन पुत्र ब्रह्मलाल राजपूत सब्जी लेने जा रहा था।
कचौरा रोड पर इटावा की तरफ से जा रही पिकअप ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर लगने से गयादीन साइकिल समेत उछलकर दूर सड़क पर गिरा। चालक पिकअप समेत भाग गया।
ग्रामीणों ने युवक को घायल अवस्था में पड़ा देखा तो आननफानन उसे जिला अस्पताल पहुंचाया। यहां से डाक्टरों ने उसे सैफई रेफर कर दिया। इधर गुस्साएं ग्रामीणों ने कचौरा रोड पर जाम लगा दिया।
सिविल लाइन इंस्पेक्टर सुधीर कुमार सिंह ने नाराज ग्रामीणों को कार्रवाई का आश्वासन देकर जाम खुलवाया। युवक मजदूरी करता था। उसके दो बेटियां और एक बेटा है।