इटावा। बरेली-हाईवे पर चौबिया थाना क्षेत्र के बख्तियारपुर गांव स्थित असित इंटर कॉलेज के पास तेज रफ्तार वाहन ने मंगलवार की सुबह एक किसान को रौंद दिया। हादसा के चालक मौके से वाहन लेकर भाग गया।
हादसे के दौरान किसान वाहन में फंसकर 20 मीटर तक घिसटता चला गया। हादसे के बाद आक्रोशित परिजनों व ग्रामीणों ने बख्तियारपुर चौराहे पर पहुंचकर हंगामा किया और सड़क जाम कर नारेबाजी की।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और आक्रोशित लोगों को समझा कर मामला शांत कराया। इसके बाद पुलिस किसान के शव को कब्जे में ले सकी।
बख्तियारपुर गांव निवासी उमेश सिंह का बेटा दिनेश कुमार उर्फ त्रिपाठी (40) मंगलवार की सुबह छह बजे अपने खेतों पर लगी धान की फसल को देखने के लिए गया था। वहां से कुछ देर बाद ही पैदल वापस घर की तरफ लौट रहा था।
उसी दौरान इटावा से बरेली की तरफ जाते समय तेज रफ्तार वाहन ने उसे कुचलता हुआ निकला गया। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के दौरान उधर से गुजर रहे एक बाइक सवार ने शोर मचाते हुए वाहन का पीछा किया, लेकिन पकड़ नहीं सका।
इसके बाद बाइक सवार ने हादसे की सूचना आसपास खड़े लोगों को दी। थोड़ी ही देर बाद दिनेश के परिजन व गांव के लोग भी बख्तियार गांव चौराहा पर पहुंच गए। परिजन दिनेश से लिपट कर बिलख पड़े।
परिजनों की हालत देख वहां मौजूद लोग भड़क गए और चौराहा जाम कर हंगामा शुरू कर दिया। पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए हादसा करने वाले ट्रक व चालक को पकड़े जाने की मांग की।
जाम व हंगामे की सूचना पर चौबिया थाने के दरोगा मनोज कुमार फोर्स के साथ वहां पहुंचे और लोगों को समझाकर शांत कराया। तब भीड़ का गुस्सा शांत हुआ। उमेश ने बताया कि दिनेश उनके तीन बेटों में सबसे छोटा था।
सोमवार की रात बरसात होने के कारण वह खेत में लगी धान की फसल को देखने के लिए गया था। वहां से लौटते समय हादसे का शिकार हो गया। थाना प्रभारी ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर चालक व वाहन की तलाश शुरू कर दी गई है।