इटावा। शहर के भरथना चौराहे के पास बृहस्पतिवार की रात तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक से देवर संग औरैया से जसवंतनगर जा रही महिला को कुचल दिया। मौके पर उसकी मौत हो गई, जबकि देवर जख्मी हो गया।
सूचना पर पहुंचे महिला के परिजनों व गांव वालों ने ट्रक में तोड़फोड़ की और फूंकने का प्रयास किया। एक घंटे घंटे तक सड़क जाम कर नारेबाजी की। शव को उठने नहीं दिया। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने आक्रोशित लोगों को समझा कर शांत कराया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरु कर दी है।
जसवंत नगर थाना क्षेत्र के कटरा बिंदु चांद निवासी जमील की पत्नी सन्नो (55) की तबीयत खराब चल रही थी। शाम को वह देवर फरहान के साथ बाइक से औरैया एक डॉक्टर को दिखाने गई थी। रात करीब नौ बजे दोनों बाइक से अपने घर लौट रहे थे।
उसी दौरान शहर के फ्रैंड्स कालोनी थाना क्षेत्र के भरथना चौराहे की सर्विस लेन पर तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। इससे बाइक बेकाबू हो गई और देवर-भाभी दोनों सड़क पर गिर गए। उसी दौरान सन्नो ट्रक के पहियों के नीचे आ गई। इससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
घायल फरहान ने मोबाइल के जरिए हादसे की सूचना परिजनों को दी। कुछ देर बाद परिजन व ग्रामीण मौके पर पहुंचे, तो चालक व क्लीनर वहां से ट्रक छोड़कर भाग चुके थे।
इससे आक्रोशित लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया। शव रखकर सड़क जाम कर दिया और पथराव कर ट्रक को क्षतिग्रस्त कर दिया। भीड़ ट्रक चालक की गिरफ्तारी व मृतक के परिजनों को मुआवजा देने की मांग कर रही थी।
सूचना पाकर एसपी सिटी कपिल देव, सीओ सिटी दरवेश कुमार तीन थानों की फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। एक घंटे से अधिक की मशक्कत के बाद अफसर आक्रोशित लोगों को समझा पाने में सफल हो सके।
तब शव को पुलिस कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हाउस भेज सकी। इस दौरान सर्विस लेन पर वाहनों की कतार लगी रही। थाना प्रभारी गगन कुमार गौड़ ने बताया कि अज्ञात चालक के खिलाफ तेजी व लापरवाही से ट्रक चलाकर जान लेने की रिपोर्ट दर्ज की गई है। जल्द ही चालक को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
सर्विल लेन के गड्ढे बने हादसे की वजह
जिस जगह पर हादसा हुआ, वहां सर्विस लेन पर जगह-जगह गड्ढे हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, गड्ढे में बाइक का पहिया जाने से वह अनियंत्रित हो गई थी। उसी दौरान ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी। इससे देवर-भाभी सड़क पर गिरे और भाभी ट्रक के पहियों के नीचे दब गई।