इटावा। चौबिया थाना क्षेत्र के संतोषपुर पचार गांव में मंगलवार रात पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार किए गए तीनों लुटेरों को पुलिस ने बुधवार को कोर्ट में पेश किया। वहां से सभी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ औरैया अछल्दा निवासी अंबरीष व उनकी बहन को लूटने के मामले में तीनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
अंबरीश प्रताप बहन अनुपमा के साथ मंगलवार को बाइक से सैफई से औरैया की तरफ जा रहे थे। बसरेहर थानाक्षेत्र के लोहिया पुल के पास बाइक सवार तीन बदमाशों ने तमंचों के दम पर भाई-बहन से नगदी, बाइक व जेवरात लूट लिए थे। घटना की जानकारी मिलने पर चौबिया थाना प्रभारी मुकेश सोलंकी व क्राइम ब्रांच की टीम ने बदमाशों को संतोषपुर पचार गांव के पास घेर लिया था।
वहां पर पुलिस और बदमाशों में बीच मुठभेड़ हुई थी। बदमाशों की गोली लगने से चौबिया थाना प्रभारी मुकेश सोलंकी और क्राइम ब्रांच का सिपाही अरविंद घायल हो गए थे। जवाबी फायरिंग में मैनपुरी कोतवाली क्षेत्र के नगला मलू निवासी लुटेरे दलवीर, सालिगराम और मधुरेश के पैर में गोली लगी थी। पुलिस ने लुटेरों के पास से तीन तमंचे, कारतूस, लूटी गई अंबरीश की बाइक व अन्य सामान बरामद कर लिया था।
घायल पुलिसकर्मियों और लुटेरों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। बुधवार को अस्पताल से घायल लुटेरों को छुट्टी दे दी गई। दोपहर बाद पुलिस ने तीनों को कोर्ट में पेश किया। वहां से न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। जबकि घायल पुलिस कर्मी अपने काम पर लौट आए। इधर,बसरेहर थाना प्रभारी ने बताया कि पकड़े गए लुटेरों की क्रिमिनल हिस्ट्री के बारे में मैनपुरी व आसपास के अन्य जिलों में मंगाई गई है। जल्द ही आरो पी लुटेरों को और सख्त कार्रवाई की जाएगी।