इटावा। खरीफ विपणन वर्ष 2021-22 में जनपद में न्यूनतम समर्थन मूल्य पर धान विक्रय करने के लिए कृषि पंजीयन कराने को नि:शुल्क कैंप का 7 अक्तूबर से आयोजित हो रहा है।
जिला खाद्य विपणन अधिकारी संतोष पटेल ने सभी किसानों से अपनी सुविधानुसार कैंप में पहुंचकर धान विक्रय के लिए पंजीयन कैंप का लाभ उठाने की अपील की है। उधर, एक नवंबर से धान खरीद शुरू होगी।
बताया नवीन मंडी इटावा में 7, 9, 12, 16 व 20 अक्तूबर को, नवीन मंडी भरथना में 7, 11, 13 व 18 अक्तूबर को, नवीन मंडी जसवंतनगर में 7, 9, 13, 16 व 20 अक्तूबर को कैंपों का आयोजन किया जाएगा, जबकि ब्लाक गोदाम ऊसराहार, महेवा व चकरनगर में 7 से 20 अक्तूबर तक रोजाना कैंपों का आयोजन सुबह 10 बजे से लेकर शाम 5 बजे तक आयोजित होगा।
जनपद में धान की खरीद आगामी एक नवंबर से शुरू होगी। इसके लिए जनपद की पांच तहसीलों के छह विकास खंडों में 19 क्रय केंद्र बनाए गए हैं। इस बार तीन क्रय एजेंसियां खाद्य विभाग, पीसीएफ व भारतीय खाद्य निगम धान खरीदेंगी।
जिला खाद्य विपणन अधिकारी संतोष पटेल ने बताया कि इटावा तहसील के ब्लाक बढ़पुरा के अंतर्गत नवीन मंडी इटावा में खाद्य विभाग के तीन, पीसीएफ का साधन सहकारी समिति दतावली व भारतीय खाद्य निगम का मंडी इटावा में एक-एक समेत पांच क्रय केंद्र बनाए गए हैं।
ब्लाक भरथना में नवीन मंडी में खाद्य विभाग के तीन व मंडी भरथना में भारतीय खाद्य निगम के एक केंद्र समेत चार केंद्र, ब्लाक महेवा के सहकारी समिति जयमलपुर में पीसीएफ का केंद्र बनाया गया है।
ब्लाक ताखा के अंतर्गत खाद्य निगम का ग्राम ऊसराहार में व पीसीएफ का सहकारी समिति ताखा, ऊसराहार(सरैया) में एक-एक समेत चार केंद्र, तहसील सैफई के ब्लाक सैफई के अंतर्गत ग्राम चौबेपुर व हेंवरा समेत दो केंद्र व तहसील जसवंतनगर के ब्लाक जसवंतनगर के नवीन मंडी में खाद्य विभाग के तीन क्रय केंद्र बनाए गए हैं।