इटावा। निर्वाचन आयोग के निर्देश पर जिले की मतदाता सूची बुधवार को जारी की गई। जिले की तीनों विधानसभाओं में इस बार 23972 मतदाता बढ़े हैं। इटावा में सबसे अधिक व जसवंतनगर में सबसे कम मतदाता बढ़े हैं। वहीं 18 से 19 वर्ष के बीच के 16279 युवा इस बार पहली बार मताधिकार का प्रयोग करेंगे।
जसवंतनगर विधानसभा क्षेत्र में पहले कुल तीन लाख 84 हजार 504 मतदाता थे, इस बार 5793 नए मतदाता बढ़े हैं। इटावा में तीन लाख 97 हजार 230 मतदाता थे, यहां 9971 मतदाता बढ़े हैं। वहीं भरथना में तीन लाख 97 हजार 230 मतदाता थे, यहां 8208 मतदाता बढ़े हैं। पूरे जिले में पहले 11 लाख 75 हजार 391 मतदाता थे, जिनकी संख्या अब 11 लाख 99 हजार 363 हो गई है। सहायक निर्वाचन अधिकारी उदय नारायण ने बताया कि मतदाता सूची का कोई भी अवलोकन कर सकता है।
जसवंतनगर। कानपुर मंडल के आयुक्त डॉ. राजशेखर ने राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में विधानसभा चुनाव के लिए तैयार की गई मतदाता सूचियों का प्रकाशन देखकर नाराजगी व्यक्त की। बूथों पर फार्म 6 व 7 की अनुपलब्धता तथा घर-घर जाकर चेकिंग न करने पर असंतोष जताया। सुधार के लिए अधीनस्थों को तीन दिन का समय दिया है।
बुधवार को कॉलेज पहुंचे मंडलायुक्त ने सबसे पहले बूथ नंबर 76 पर पालिका कर्मी बीएलओ सुरेंद्र सिंह से ब्यौरा मांगा। जिस पर बीएलओ ने बताया कि उसके बूथ पर 29 नाम काटे गए हैं। 11 नाम बढ़ाए गए हैं। जब उन्होंने फार्म देखा तो सभी 29 नाम जो कटे थे, उनके निरीक्षण में एक ही समय 11 बजे लिखा हुआ था। जिस पर उन्होंने जमकर फटकार लगाई। इसके बाद बूथ संख्या 77 और 78 के बीएलओ से पूछताछ की। बूथ संख्या 78 की बीएलओ से पूछा कि आपके बूथ पर सिर्फ एक ही वोट बढ़ाया गया है तो बीएलओ ने बताया कि उसने 19 लोगों की सूची दी थी, उसमें सिर्फ एक ही नाम जुड़कर आया है। इसी प्रकार बूथ संख्या 79 पर तैनात बीएलओ दिनेश कुमार(पालिका कर्मी) ने सवाल पूछने पर मंडलायुक्त को बताया कि वह पढ़ा-लिखा नहीं है।
मंडलायुक्त ने पोलिंग बूथ का निरीक्षण किया। वहां अंधेरा देखकर पर्याप्त प्रकाश की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि जसवंतनगर और उच्च प्राथमिक विद्यालय कनैरा के बूथ संख्या 109 के निरीक्षण में कमियां मिली हैं। उन्हें दूर करने के लिए तीन दिन का समय दिया गया है।
इटावा। मतदाता जागरुकता एक्सप्रेस बुधवार को इटावा पहुंची। इस एक्सप्रेस बस ने जिले की तीनों विधानसभा क्षेत्रों में अलग-अलग विद्यालयों में जाकर नुक्कड़ नाटक तथा गीतों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया।
एक्सप्रेस बस से आए लोगों ने बच्चों से कहा कि वे अपने अभिभावकों को जागरूक करें। जिससे वे मतदान कर सकें। बुधवार सुबह जीआईसी से जागरुकता एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर सीडीओ संतोष कुमार राय तथा जिला विद्यालय निरीक्षक राजू राणा ने रवाना किया। बस के आगे एनसीसी कैडेट्स बैंड बजाते चल रहे थे। यहां से यह बस राजकील बालिका इंटर कॉलेज पहुंची। इसके बाद भरथना विधानसभा क्षेत्र के एवी इंटर कॉलेज, जनता इंटर कॉलेज पहुंच कर लोगों को जागरूक किया। जसवंतनगर विधानसभा क्षेत्र के हिंदू विद्यालय इंटर कॉलेज भी गई। सह जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ मुकेश यादव ने बताया कि इस एक्सप्रेस बस के माध्यम से मतदाताओं को जागरूक किया जा रहा है। इस कार्य में बच्चे पूरा सहयोग कर रहे हैं। बच्चों की रैली भी निकाली जा रही है।
बकेवर संवाद प्रतिनिधि के अनुसार जनता इंटर कॉलेज में छात्र-छात्राओं ने बस का स्वागत किया। विद्यालय की छात्राओं ने रंगोली बनाई। यहां अनिमेश वर्मा, अजय, रामसेवक वर्मा, शिवेंद्र सिंह, अर्चना गौतम आदि मौजूद रहे।
ऊसराहार। थानाध्यक्ष ऊसराहार गंगादास गौतम ने क्षेत्र के ग्राम सुंदरा, भटपुरा, नगला जलाल, कुइता सरैया, रंपुरा कौवा, छिरियाहार, कौवा एवं भरतिया का निरीक्षण किया। यहां बिजली, पानी, शौचालय की व्यवस्थाओं को देखा। बताया कि आगामी विधानसभा चुनाव को शांतिपूर्ण ढंग से कराने के लिए सुरक्षा व्यवस्थाओं को ध्यान में रखकर मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया गया। (संवाद)