इटावा। विधानसभा चुनाव को लेकर सभी तैयारियां पहले से ही पूरी कर लें, जिससे कोई परेशानी न हो। मतगणना स्थल पर भी सभी व्यवस्थाओं को देखकर रिपोर्ट तैयार कर लें।
यह निर्देश जिलाधिकारी श्रुति सिंह ने निर्वाचन कार्य के लिए नियुक्त किए गए नोडल, सहायक नोडल अधिकारियों की बैठक में दिए। विकास भवन में हुई बैठक में कहा कि वह निर्वाचन से संबंधित दायित्वों का भलीभांति निर्वहन करें।
इसमें किसी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए। उन्होंने कहा कि इस बार निर्वाचन में आयोग ने 80 वर्ष की आयु के मतदाता को बैलेट पेपर के माध्यम से व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं। इसलिए सभी तैयारियां अभी से प्रारंभ करें।
जिलाधिकारी ने कहा निर्वाचन व्यय लेखा के लिए आरओ हैंडबुक का अभी से भलीभांति अध्ययन कर लें। उन्होंने कहा कि पोलिंग पार्टियों को मतदान केंद्रों पर जाने के लिए रूट चार्ट तैयार कर तत्काल उपलब्ध कराया जाए। इसके साथ कम्यूनिकेशन प्लान तैयार किया जाए।
उन्हाेंने टेंट, फर्नीचर, बैरिकेडिंग व्यवस्था के लिए अभी से टेंडर प्रक्रिया पूर्ण कराने के निर्देश दिए। कहा कि जिले में उपलब्ध थर्मल स्कैनर का सर्वे कराया जाए। कितने थर्मल स्कैनर ठीक दशा में और कितने उपलब्ध है।
कहा कि निर्वाचन के दौरान कंप्यूटरों की आवश्यकता होगी, इसलिए अभी से इसकी तैयारी शुरू करें, ताकि निर्वाचन के दौरान किसी प्रकार की समस्या न आए। मतदान व मतगणना केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरा लगाने का प्लान तैयार कर टेंडर प्रक्रिया पूर्ण की जाए।
इस मौके पर सीडीओ संतोष कुमार राय, उप जिला निर्वाचन अधिकारी जय प्रकाश, सीएमओ डॉ. भगवानदास, सिटी मजिस्ट्रेट राजेंद्र प्रसाद, डीआईओएस राजू राणा, सभी एसडीएम, नोडल अधिकारी और सहायक नोडल अधिकारी मौजूद रहे।