इटावा। कोतवाली क्षेत्र के बैरून कटरा साहब खां में सपा सभासद के घर में हुई नौकरानी लक्ष्मी दिवाकर की मौत के मामले में नया मोड़ आ गया है। सभासद ने नौकरानी के फांसी लगाकर आत्महत्या की बात कही थी, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की वजह गला दबाया जाना (स्टेगुलेशन) आया है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या की बात सामने आने के बाद पुलिस सभासद, उनके पति समेत कई लोगों को थाने लाकर पूछताछ कर रही है। सीओ सिटी राकेश वशिष्ठ का कहना है कि पोेस्टमार्टम रिपोेर्ट आधार पर आत्महत्या के मामले को हत्या में बदला जाएगा। वहीं मृतका के परिजनों की तहरीर का इंतजार है।
कटरा साहब खां निवासी मैकू लाल दिवाकर की बेटी लक्ष्मी (17) पड़ोस में रहने वाली सभासद प्रेमलता के घर में काम करती थी। मंगलवार को वह रोज की तरह सभासद के घर में काम करने गई थी। उसी दिन देर शाम को उसका शव सभासद के घर की अलमारी के कुंडे से दुपट्टे के सहारे फांसी पर लटकता मिला था। सभासद ने किन्हीं व्यक्तिगत कारणों लक्ष्मी के खुदकुशी करने की बात कही थी। पुलिस ने आत्महत्या में मामला दर्ज किया था। बुधवार देर शाम पोस्टमार्टम रिपोर्ट में लक्ष्मी की गला दबाकर हत्या किए जाने की बात
सामने आई। इसके बाद पुलिस अफसर हरकत में आ गए। रात करीब पौने 10 बजे एसपी सिटी प्रशांत कुमार, सीओ सिटी फोर्स के साथ सभासद के घर पहुंचे और घटनास्थल का मुआयना किया। इसके बाद पुलिस अफसर सभासद प्रेमलता दुबे, उनके पति व पूर्व सभासद दिलीप दुबे समेत कई लोगों को पूछताछ के लिए कोतवाली ले आई।
इधर, सिटी सिटी का का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में लक्ष्मी की गला दबाए जाने की बात सामने आई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आत्महत्या के मामले को हत्या में तरमीम किया जाएगा। लक्ष्मी के परिजनों से तहरीर मांगी गई है। घटना की विवेचना में साफ हो सकेगा कि लक्ष्मी ने आत्महत्या की या उसकी हत्या हुई है। इसके बाद आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।
लक्ष्मी की मौत के मामले में सभासद प्रेमलता दुबे और उनके पति को पूछताछ के लिए थाने लाए जाने की सूचना पाकर तमाम सभासद व उनके समर्थक उनके आवास पर पहुंचे। वहां एकजुट होने के बाद सभासदों व समर्थकों की भीड़ कोतवाली पहुंच गई। एसपी सिटी ने सभी को समझाया कि सभासद व पूर्व सभासद को पूछताछ के लिए थाने लाया गया है। मामले की तहकीकात के बाद की कोई कार्रवाई की जाएगी। किसी को भी गलत तरीके से नहीं फंसाया जाएगा। इसके बाद भी देर रात प्रेमलता के समर्थन में उनके समर्थक व सभासद थाने के बाहर देर रात तक डटे रहे।
एसएसी डा. बृजेश कुमार सिंह गुरुवार सुबह सभासद प्रेमलता के घर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। इसके बाद एसएसपी ने लक्ष्मी के घरवालों के बातचीत भी की। एसएसपी के मुताबिक घटना के दिन लक्ष्मी का अपने भाई से किसी बात विवाद होने समेत कई और बातें सामने आईं हैं।
सभासद के घर में हुई नौकरानी लक्ष्मी की मौत के मामले को पुलिस ने गंभीरता से लिया। पुलिस की संस्तुति पर सीएमओ डॉ.भगवान दास ने तीन डॉक्टरों का पैनल गठित किया। इस पैनल में एक महिला डॉक्टर भी शामिल रही। सीओ सिटी ने बताया कि पोस्टमार्टम में लक्ष्मी के साथ किसी तरह का शारीरिक शोषण की बात सामने नहीं आई है।
गुरुवार को लक्ष्मी का पोस्टमार्टम करने वालों डॉक्टरों ने विवेचक ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट को लेकर बातचीत की। डॉक्टरों ने लक्ष्मी की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में लिखी बातों को तस्दीक किया है। सीओ का कहना है कि जरूरी हुआ तो पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर एक्सपर्ट डॉक्टरों की राय भी ली जाएगी।
लक्ष्मी की फाइल की फोटो- फोटो : ETAWAH