इटावा। सपा सभासद प्रेमलता दुबे के घर पर हुई नौकरानी लक्ष्मी दिवाकर की हत्या का पुलिस ने लगभग 56 घंटे बाद पर्दाफाश कर दिया। पुलिस का दावा है कि सभासद के घर में बच्चों को ट्यूशन पढ़ाने वाला शिक्षक सूरज सिंह जाटव ने शादी का दबाव बनाने व मारपीट करने पर लक्ष्मी की गला दबाकर हत्या की थी। आत्महत्या दर्शाने के लिए शव को फांसी पर लटकाया था। दोपहर बाद उसे कोर्ट में पेश किया गया। यहां से न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
एसएसपी डॉ. बृजेश कुमार सिंह ने शुक्रवार को प्रेस कांफ्रेंस में लक्ष्मी हत्याकांड का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि बैरून कटरा खां साहब निवासी मैकूलाल की बेटी लक्ष्मी (17) मोहल्ले में ही सभासद प्रेमलता दुबे के घर में काम करती थी। मंगलवार को लक्ष्मी सभासद के घर गई थी। देर शाम घर में ही अलमारी के हैंडल से उसका शव दुपट्टे के सहारे फांसी पर लटका मिला था।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में लक्ष्मी की गला दबाकर हत्या की पुष्टि हुई थी। मामले में कोतवाली पुलिस ने लक्ष्मी के भाई संजय की तहरीर पर सभासद, उनके भाई व पति के खिलाफ लेनदेन के विवाद में लक्ष्मी की हत्या के साथ ही एससी/एसटी एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज कर नामजद आरोपियों को थाने लाकर लंबी पूछताछ की। सर्विलांस, मैनुअल तरीके से जुटाई गई जानकारी व साक्ष्यों के आधार पर सभासद के घर में ट्यूशन पढ़ाने वाले उसी मोहल्ले के सूरज से पूछताछ की तो उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
बताया कि लक्ष्मी से उसके तीन महीने से संबंध थे। वह सभासद के घर में ही उससे मिलता है। लक्ष्मी उस पर शादी का दबाव बना रही थी। वह नौकरी लगने के बाद शादी करने की बात कर रहा था। मंगलवार को घटना वाले दिन भी लक्ष्मी ने शादी का दबाव डाला। मना करने पर वह मारपीट करने लगी। आवेश में आकर उसने लक्ष्मी की गला दबाकर हत्या कर दी था। दुपट्टे के सहारे शव को लटकाने के बाद वह चला गया था।
एसएसपी ने बताया कि मामले की विवेचना अभी जारी है। अभी महिला सभासद, उनके भाई व पति को क्लीन चिट नहीं दी गई है। तीनों से पूछताछ जारी है। फोरेंसिक और फील्ड यूनिट की जांच रिपोर्ट का भी इंतजार है। अभी तक आरोपी ने अकेले की घटना को अंजाम देने की बात कही है।
लक्ष्मी हत्याकांड का खुलासा करने वाली कोतवाली प्रभारी जितेंद्र प्रताप सिंह की अगुवाई वाली पुलिस टीम को एसएसपी ने 15 हजार रुपये इनाम दिया है। एसपी सिटी प्रशांत कुमार व सीओ सिटी राकेश वशिष्ठ के काम की सराहना भी की।
एसएसपी ने प्रेस कांफ्रेंस की, लेकिन कोई भी अफसर आरोपी सूरज की गिरफ्तारी का स्थान नहीं बता सका। थाना प्रभारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने सीओ से गिरफ्तारी का स्थान पूछ लेने के लिए कहा। सीओ ने कहा यह कैसा सवाल है आपका। उधर, आरोपी के परिजनों का कहना है कि सूरज को पुलिस ने बुधवार रात घर से पकड़ा था। पूछताछ के लिए थाने ले जाने की बात कही थी। सवाल यह है कि आखिर पुलिस ने आरोपी को घर से गिरफ्तार किया या कहीं और से।