इटावा। पुलिस लाइन परिसर स्थित दस बेड के आइसोलेशन कक्ष मेें इटावा पुलिस और अमर उजाला फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में शनिवार को स्वैच्छिक रक्तदान शिविर में लोगों ने उत्साह से हिस्सा लिया।
इस दौरान पांच लोगों ने जहां पहली बार रक्तदान किया, वहीं एक बीटेक के छात्र ने भी रक्तदान कर महादान में हिस्सेदारी निभाई। शिविर का शुभारंभ एसएसपी डॉ. बृजेश कुमार सिंह ने किया। साथ ही रक्तदाता पुलिस कर्मियों की हौसला आफजाई भी की।
एसएसपी ने खुद भी रक्तदान करने के लिए रजिस्ट्रेशन कराया, लेकिन हीमोग्लोबीन कम होने की वजह से डॉक्टर ने उन्हें रक्तदान करने से उनको रोक दिया गया। एसएसपी ने कहा कि पुलिस कर्मियों ने ब्लड देकर काफी सराहनीय कार्य किया है।
इसके लिए वह बधाई के पात्र हैं। साथ ही कहा कि पुलिसकर्मी आगे भी रक्तदान करें। ताकि उनका रक्त किसी की जान बचाने के काम आ सके। खुशी की बात है कि अमर उजाला फाउंडेशन ने रक्तदान शिविर के लिए गांधी जयंती का दिन चुना।
सीओ सिटी दरवेश सिंह ने कहा रक्तदान के प्रति पुलिस कर्मी काफी उत्साहित थे। काफी संख्या में प्रशिक्षु महिला व पुरुष पुलिसकर्मियों ने रक्तदान के लिए रजिस्ट्रेशन कराए, लेकिन ब्लड प्रेशर अधिक होने या हीमोग्लोबिन कम होने की वजह से रक्तदान नहीं कर सके।
शिविर में पांच रक्तदाताओं ने पहली बार रक्तदान किया, वहीं एक बीटेक छात्र ने भी रक्तदान किया, उनके पिता पुलिस विभाग में कार्यरत हैं। इस दौरान सीओ सिटी दरवेश सिंह मौजूद रहे।
पहली बार किया रक्तदान
भरथना थाने में तैनात सिपाही अजय कुमार ने बताया कि उन्होंने पहली बार रक्तदान किया है। इससे पहले रक्तदान का नाम ही सुन रखा था। रक्तदान करने के बाद किसी तरह की कोई परेशानी नहीं हुई।
पहले कभी सुई भी नहीं लगवाई थी
पुलिस लाइन में तैनात सिपाही सोनू चौधरी ने बताया कि अभी तक उन्होंने कभी सुई भी नहीं लगवाई थी, पहली बार रक्तदान किया। पहले मन में कुछ डर सा लगा, लेकिन हीमोग्लोबिन रक्त देने लायक होने पर रक्तदान किया।
लगा ही नहीं पहली बार रक्तदान किया
पहली बार रक्तदान करने वालों में पीटीआई अमोल सिंह भी शामिल रहे। कहा कि डर लगने जैसी कोई बात नहीं बस इरादा मजबूत होना चाहिए। इसी सोच के साथ रक्तदान किया, किसी प्रकार की कोई परेशानी नहीं हुई।
शिविर लगने से किया रक्तदान
पुलिस लाइन में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हिमांशु यादव ने बताया कि पहली बार रक्तदान किया है। कभी ऐसा मौका नहीं आया। पुलिस लाइन में रक्तदान शिविर आयोजित होने पर सोचा रक्तदान करने से किसी व्यक्ति की जान बच सकती है, उसी के तहत रक्तदान किया।
चौथी बार किया रक्तदान, नहीं हुई परेशानी
पुलिस लाइन में तैनात सिपाही अंकित कुमार ने चौथी बार रक्तदान किया। बताया कि उन्हें पहले भी किसी तरह की परेशानी नहीं हुई। पुलिस लाइन में शिविर लगे होने पर रक्तदान किया। जो किसी के जान बचाने की काम आएगा।
पिता के कहने पर छात्र ने किया रक्तदान
विजय नगर से आए बीटेक छात्र तरुण ने पहली बार खुश होकर रक्तदान किया। बताया कि पिता अहिबरन सिंह एसएसपी कार्यालय में कार्यरत हैं। पिता के कहने पर रक्तदान करने के बाद स्वस्थ महसूस कर रहे हैं।
यह रहे मौजूद
रक्तदान शिविर के दौरान आरआई यशवीर सिंह, दरोगा गोविंद सिंह, ब्लड बैंक के प्रभारी डा. हरिकिशन, लैब टेक्नीशियन अर्जुन सिंह, काउंसलर रजनी निगम, नरेंद्र गोस्वामी, राघवेंद्र, प्रशिक्षक अंकिता, सोनम, हिमांशु, सौरव, फार्मासिस्ट संदीप कुमार व नर्सिंग असिस्टेंट संजय दुबे।