इटावा। लखीमपुर खीरी में चार किसानों की मौत का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। केंद्रीय गृह राज्य मंत्री के बेटे की गिरफ्तारी के बाद उनकी बर्खास्तगी की मांग भी हो रही है।
सोमवार को रेलवे स्टेशन पर कांग्रेसियों ने लखीमपुर खीरी में किसानों की हत्या के आरोपी आशीष मिश्रा के पिता और केंद्रीय राज्य मंत्री अजय मिश्रा की बर्खास्तगी की मांग को लेकर 11 बजे से 1 बजे तक मौन व्रत रखा।
इस दौरान कांग्रेसियों ने खड़े होकर शहीद किसानों को श्रद्धांजलि दी। इस मौके पर शहर अध्यक्ष पल्लव दुबे ने कहा कि जब तक किसानों के हत्यारोपी आशीष मिश्रा के पिता केंद्र सरकार में मंत्री हैं। तब तक किसी भी प्रकार से स्पष्ट जांच होने की कोई संभावना नहीं है।
वह एक बड़े मंत्री हैं और वह जांच को प्रभावित कर सकते हैं। कहा कि वह भी मामले में हस्तक्षेप कर रहे, लिहाजा कानूनन एक हत्यारोपी को तुरंत गिरफ्तार किया जाना चाहिए था। आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश पुलिस सत्ता के दबाव में आ गई है।
इस कारण कांग्रेसजन यह मांग करते हैं कि किसानों की हत्या की आरोपी आशीष मिश्रा के पिता अजय मिश्रा का तत्काल केंद्रीय मंत्री पद से इस्तीफा होना चाहिए। चेतावनी दी कि वरना कांग्रेस पार्टी अनवरत रूप से आंदोलन जारी रखेगी।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जरा जरा सी बातों पर अपने ट्वीट और बयान देते हैं, परंतु किसानों की निर्मम हत्या पर उन्होंने कोई बयान नहीं दिया। कांग्रेस इसकी निंदा करती है।
इस मौके पर पूर्व जिलाध्यक्ष उदयभान सिंह यादव, राशिद खान, हंसमुखी संखवार, संजय तिवारी, वाचस्पति द्विवेदी, आरबी सिंह पाल, संजय दोहरे, अरुण यादव, सतीश नागर, सत्येंद्र महेश्वरी और अवनीश वर्मा आदि मौजूद रहे।