बकेवर। बकेवर महोत्सव में आयोजित कबड्डी प्रतियोगिता के फाइनल में जीवाजी क्लब भिंड ने सुरपुरा क्लब भिंड को 27-21 से हराकर ट्रॉफी जीती। कबड्डी प्रतियोगिता में कुल आठ टीमों ने भाग लिया था। प्रत्येक टीम ने 4-4 मैच खेले।
पहले सेमीफाइनल में इटावा क्लब और सुरपुरा क्लब के बीच मुकाबला हुआ, जिसमें सुरपुरा क्लब ने 49-9 से जीत दर्ज कर फाइनल में जगह बनाई थी। दूसरे सेमीफाइनल जीवाजी क्लब भिंड और जसवंतनगर क्लब टीम के बीच हुआ।
जीवाजी क्लब भिंड ने 26-9 से जसवंतनगर को मात दी। फाइनल मैच जीवाजी क्लब भिंड और सुरपुरा क्लब भिंड के बीच हुआ। जीवाजी क्लब भिंड ने 27-21 से सुरपुरा क्लब भिंड को शिकस्त देकर विजेता बनी।
उप विजेता सुरपुरा क्लब भिंड की टीम रही। विजेता टीम को 11 हजार और उपविजेता टीम को 51 सौ रुपये तथा ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया। साथ ही सभी टीमों को पुरस्कृत किया गया।
मेला कमेटी अध्यक्ष अशोक चौबे, संरक्षक जयकरन सिंह, उपाध्यक्ष राजेंद्र बाबू त्रिपाठी, सोमेश बाबू अवस्थी, रामकुमार त्रिपाठी, मौनू उपाध्याय, अरुण उपाध्याय, सभासद पुरुषोत्तम मिश्रा मौजूद रहे।
कमेटी अध्यक्ष अशोक चौबे ने बताया कि मेले मे 12 और 13 नवंबर को विशाल दंगल का आयोजन किया जाएगा, जिसमें दूर-दूर से आए पहलवानों के बीच इनामी कुश्ती होगी। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा नेता वीके शर्मा होंगे।