बकेवर (इटावा)। महेवा ब्लाक की ग्राम पंचायत नौधना का पंचायत भवन खंडहर हो गया है। कमरे और बरामदा में दरवाजे व खिड़कियां नहीं हैं। इससे कमरों, बरामदों में छुट्टा गोवंश बैठे रहते हैं। भवन के अंदर गोबर और गंदगी भरी है। लंबे समय से पंचायत भवन में कोई बैठक नहीं हुई है।
ग्राम पंचायत सदस्य सुमित रावत, प्रवीण कुमार ने बताया कि ग्राम पंचायत की बैठकें स्कूल में की जाती हैं। गांव के शिवम चतुर्वेदी, राम सिंह कुशवाह, अजय सक्सेना, सत्यनारायण बाथम, राजेंद्र चौरसिया लल्ला, अरविंद सर्वेश, चंद्रपाल, छोटे नामदेव, रामानुज ने कहाकि पंचायत भवन में सचिव नहीं बैठते हैं। इससे छोटे-छोटे कामों के लिए ब्लाक कार्यालय जाना पड़ता है।
पंचायत सचिव विजय ने बताया कि उन्हें हाल में चार्ज मिला है। पहले सचिव रहे यशवीर सिंह स्टीमेट बनकर भेज चुके हैं। स्वीकृत मिलने पर पंचायत भवन का निर्माण कराया जाएगा।
पंचायत भवन दो वर्ष से अधूरा
इंद्रापुर गांव का पंचायत भवन दो वर्ष से अधूरा है। गांव के मान सिंह, विनोद कुमार, राहुल, जितेंद्र कुमार आदि ने बताया कि बैठकें कभी-कभी होती हैं। छोटे-छोटे कामों के लिए ब्लाक कार्यालय जाना पड़ता है। प्रधान प्रतिनिधि कल्लू मिश्रा ने ठेकेदार पर काम में लापरवाही का आरोप लगाया। (संवाद)