सैफई। वैदपुरा थाना क्षेत्र के गांव पाताझारी में शुक्रवार को सिलिंडर में गैस रिसाव से एक घर में आग लग गई। कमरे में ननद और भाभी मौजूद थीं। आग को विकराल होता देख ननद ने दोमंजिला और भाभी ने एक मंजिल से नीचे छलांग लगा दी। दोनों घायल हुईं। भाभी का इलाज जिला अस्पताल इटावा में किया जा रहा है। ननद को गंभीर देख परिजन उन्हें आगरा ले गए हैं।
गांव पाताझारी में शुक्रवार दोपहर कमलेश राजपूत के मकान में सिलिंडर में गैस रिसाव से आग लग गई। चंद मिनट में आग विकराल हो गई।
घर में मौजूद कमलेश की बहन इंद्रावती (25) पत्नी अजय राजपूत अपनी जान बचाने के लिए दो मंजिला छत से कूद गई। इंद्रावती की भाभी मंजू (35) पत्नी कमलेश आग से झुलसने से घायल होने पर उन्होंने भी नीचे छलांग लगा दी।
ग्रामीणों ने घर में लगी आग बुझाने के साथ ही घायल दोनों महिलाओं को 108 नंबर एंबुलेंस से इलाज के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया। इंद्रावती की हालत गंभीर होने पर परिजन आगरा लेकर गए हैं।
घायल मंजू ने बताया कि दूसरी मंजिल पर कमरे के अंदर रखे गैस सिलिंडर पर खाना पका रहे थे। अचानक आग लग गई।
आग इतनी विकराल हो गई कि कुछ समझ नहीं पाए। इस कारण दूसरी मंजिल से ननद इंद्रावती ने नीचे छलांग लगा दी।
मंजू ने कहा कि वह एक मंजिल से कूदी, दोनों घायल हो गईं। कमरे के अंदर कपड़ा, बेड, कूलर, फ्रिज, टीवी सहित उसके पति कमलेश के इलाज के लिए रखे 55 हजार रुपये भी जल गए।