सैफई (इटावा)। आज के दौर में स्मार्टफोन एवं टैबलेट के बिना शिक्षा नहीं दी जा सकती है। तकनीकी शिक्षा के लिए तो स्मार्टफोन एवं टैबलेट बहुत जरूरी है। सरकार छात्र-छात्राओं को स्मार्टफोन एवं टैबलेट तो दे रही है लेकिन इन्हें चार्ज करने के लिए बिजली भी दे। ये बात प्रसपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव ने कही।
शिवपाल सिंह सोमवार को तुलसीपुर कुम्हावर में रंजीत सिंह महाविद्यालय में छात्र-छात्राओं को स्मार्टफोन एवं टैबलेट बांटने पहुंचे थे। उन्होंने छात्र-छात्राओं से सरकार की ओर से मिल रहे स्मार्टफोन एवं टैबलेट का सदुपयोग करने का सुझाव दिया। कहा, गूगल पर बहुत सारा ज्ञान मिलता है।
शिवपाल ने कहा कि 2012 में हमारी सरकार ने विद्यार्थियों को लैपटॉप बांटे थे। नेताजी मुलायम सिंह यादव की सरकार ने तो इंटर तक की शिक्षा मुफ्त ही कर दी थी। उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी में 20 घंटे तक बिजली नहीं मिल रही है। बिजली विभाग के लोग अनावश्यक छापा मार रहे हैं। सरकार को इस पर ध्यान देना चाहिए। महाविद्यालय के अध्यक्ष प्रदीप यादव, डायरेक्टर कुनाल यादव, पूर्व प्रधान अजीत यादव ने चांदी का मुकुट पहनाकर शिवपाल का स्वागत किया। जिला पंचायत सदस्य डॉ अरविंद यादव, पंकज यादव, इरफान समीर प्राचार्य, रामयश यादव यादव,नेत्रपाल सिंह यादव, विकास, रवि आदि मौजूद रहे।
विधायक ने बांटे स्मार्टफोन
इटावा। श्री तिरुपति बालाजी महाविद्यालय में विधायक सरिता भदौरिया ने छात्र-छात्राओं को स्मार्टफोन बांटे। अंजली, शुभी , श्वेता , आरती, शिवका, मनमोहन ,मदन मोहन, निधि को अपने हाथों से स्मार्टफोन दिया। छात्र छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए। प्रबंधक शिव मोहन सिंह, पूनम चौहान, प्रशासनिक अधिकारी भुनेंद्र प्रताप सिंह, डॉ अभय कुमार मौर्य, डॉ पुनीत मिश्रा, आनंद प्रकाश, गौरव, अभिषेक, अनुज, रितिक, सुमन, सावित्री, कल्पना मौजूद रहीं। (संवाद)