भरथना। उत्तर प्रदेश सरकार के जल शक्ति मंत्री महेंद्र सिंह ने कहा कि पिछली सरकार में जनता का सबसे गंभीर मुद्दा गुंडागर्दी एवं भ्रष्टाचारियों का था, जो भाजपा सरकार आने पर पूर्णतया समाप्त हो गया है।
योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली सरकार में गुंडों एवं माफिया में पुलिस का खौफ स्पष्ट रूप से देखा जा सकता है। उन्होंने यह बात सोमवार को कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र की भाजपा की जन-विश्वास यात्रा के भरथना पहुंचने के बाद मिडिल स्कूल भरथना में आयोजित जनसभा में कही।
राज्य मंत्री बाबू राम निषाद ने कहा कि प्रदेश सरकार में बेरोजगारों को रोजगार देने में अभूतपूर्व काम किया है। पौने पांच साल में पिछली सपा-बसपा की सरकारों के रोजगारों से ज्यादा योगी के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार ने दिए हैं।
भाजपा सरकार में रोजगार पाने वालों में से कोई भी व्यक्ति ये नहीं कह सकता कि उसने नौकरी के लिए नेता नगरी की है या किसी को रुपया दिया है। बांदा सांसद आरके पटेल ने कहा कि योगी सरकार की सभी योजनाओं का लाभ पूर्ण रूप से पारदर्शिता के साथ बिना भेदभाव के प्रत्येक धर्म, संप्रदाय, जाति एवं वर्ग के व्यक्ति को मिला है।
सांसद डॉ. रामशंकर कठेरिया ने कहा कि सरकार पूरी निष्पक्षता, ईमानदारी एवं बिना किसी भेदभाव के राजनीति कर रही है। भाजपा सरकार में प्रदेश के हर धर्म का हर तबके का व्यक्ति खुशी से अपना जीवन यापन कर रहा है।
भरथना विधायक सावित्री कठेरिया ने कहा कि आज सरकार में बाबाजी का बुलडोजर आतताइयों पर चलने को हमेशा तत्पर रहता है। आज प्रदेश में प्रशासन का खौफ़ इस कदर है कि या तो अपराधी जेल में हैं या ईश्वर को प्यारे हो गए हैं।
या फिर प्रदेश छोड़ पलायन कर गए हैं। उधर, औरैया से जनपद सीमा में प्रवेश करने पर जन विश्वास यात्रा का भाजपाइयों ने गाजे-बाजे व पुष्प वर्षा कर स्वागत किया। छोला मंदिर व अन्य स्थानों पर यात्रा का स्वागत किया गया।
ये रहे मौजूद
प्रदेश उपाध्यक्ष दिनेश शर्मा, क्षेत्रीय महामंत्री राम किशोर शाहू, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष शिव महेश दुबे, जिला प्रभारी सत्यपाल सिंह, भरथना विधानसभा प्रभारी श्रीकांत पाठक, सदर विधानसभा प्रभारी रामलखन दीक्षित
जिलाध्यक्ष संजीव राजपूत, डॉ. रमाकांत शर्मा, रामकुमार चौधरी, अजय धाकरे, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष विरला शाक्य, अनूप जाटव, हरिओम दुबे, यात्रा संयोजक दीपकनाथ चौधरी, अवधेश चतुर्वेदी आदि। संचालन जिला महामंत्री शिवाकांत चौधरी ने किया।