बकेवर (इटावा)। हाईवे पर सोमवार सुबह वाहन का इंतजार कर रहे बुजुर्ग को कार सवार बदमाशों ने लूट लिया। बुजुर्ग को पाना और रिंच से हमला कर घायल कर दिया। लूटने के बाद पीड़ित को हाईवे पर धक्का देकर गिरा दिया।
पीड़ित बेटी की ससुराल से तेरहवीं में शामिल होकर लौट रहा था। घायल बुजुर्ग ने थाने जाकर घटना की सूचना दी। घटना क्षेत्र थाना इकदिल का बताया जा रहा है।
औरैया जिले के कोतवाली क्षेत्र के जगतपुर गांव निवासी किसान अमर सिंह यादव सोमवार सुबह करीब 10 बजे इटावा में हाईवे के किनारे स्थित साईं कोल्ड स्टोरेज के पास वाहन के इंतजार में खड़े थे।
अमर सिंह बसरेहर क्षेत्र के कुन्हैया गांव बेटी की ससुराल से लौट रहे थे। उन्हें औरेया जिले के अपने गांव जगतपुर जाना था। उन्होंने बताया कि बदमाशों ने उन्हें सवारी की बात कहकर कार में बैठा लिया। कार में पहले से पांच लोग बैठे थे।
कुछ देर बाद कार में बदमाशों ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। पाना से सिर पर हमला कर 10 हजार रुपये लूट लिए। लुटेरे वृद्ध किसान को हाईवे पर इकदिल और बकेवर थाना क्षेत्र की सीमा के पास चलती गाड़ी से धक्का दे दिए।
पीड़ित ने राहगीर के फोन से घर वालों को घटना की सूचना दी। कुछ देर बाद दामाद राजपाल यादव निवासी ग्राम कुन्हैय्या बेटे राजकुमार जगतपुर के साथ मौके पर पहुंचे।
क्लीनिक पर ससुर अमर सिंह की मरहम-पट्टी कराकर बकेवर थाना पर पहुंचे। थाना प्रभारी बकेवर ने बताया कि जहां पर वृद्ध को फेंका था, वह क्षेत्र इकदिल थाना क्षेत्र में आता है और जहां से बुजुर्ग को कार सवारों ने बैठाया था वह फ्रेंड्स कॉलोनी थाना क्षेत्र में आता है।
इस मामले की सूचना इकदिल थाना क्षेत्र को दे दी गई है।