भरथना। कोतवाली क्षेत्र के गुरैया बरोह गांव में बुधवार को हाईटेंशन लाइन का तार टूट गया। करंट की चपेट में आने से चार मवेशियों की मौत हो गई। इससे नाराज ग्रामीणों ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाकर हंगामा किया। सूचना पर पुलिस और लेखपाल मौके पर पहुंचे। उन्होंने पशुपालकों को मदद का भरोसा देकर शांत कराया।
गांव निवासी मनोज और सतपाल के घर के बाहर से हाईटेंशन लाइन का तार निकला है। सुबह अचानक स्पार्किंग के बाद तार टूटकर गिर गए। इसकी चपेट में आकर मनोज कुमार की घर के बाहर बंधी भैंस, उसका बच्चा तथा सतपाल की एक भैंस व गाय की मौत हो गई। इससे गुस्साए ग्रामीणों ने हंगामा शुरू कर दिया।
मौके पर पूर्व जिला पंचायत सदस्य अजय यादव भी मौके पर पहुंचे। इसी बीच सूचना मिलने पर डायल 112 पुलिस व लेखपाल भी घटनास्थल पर पहुंचे और जांच की। मदद के आश्वासन पर लोग शांत हुए।