इटावा के जसवंतनगर थाना क्षेत्र में रविवार देररात चोरों ने तीन घरों में धावा बोल 5 लाख से ज्यादा के जेवरात पर हाथ साफ कर दिए। एक दिन पूर्व भी दो गांव मे अलग-अलग चोरियां हुई थीं। उन चोरियों का अभी तक पर्दाफाश नही हो पाया है। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके पर फोरेंसिंक टीम के साथ जांच पड़ताल में जुटी है।
पहली घटना
नगला विशुन गांव में डीजे का काम करने वाले सवलेश सिंह पुत्र रामसेवक के घर में बीती रात चोर घर के पीछे से कमरे में घुस गए। अलमारी से 20 हजार रूपये, 6 सोने की अंगूठी, मंगलसूत्र, कान की झुमकी आदि सामान लेकर भाग निकले। जब वह सुबह शौच के लिए उठे तब उन्होंने कमरे की अलमारी को खुली देखी।
दूसरी घटना
क्षेत्र के नगला भीखन में किसान अलमुद्दीन पुत्र अमीर खां के यहां हुई। जहां परिजन कमरे मे ही सोते रहे लेकिन चोर छत के जरिये कमरें मे दाखिल हो गए और वहां रखा बक्सा उठा ले गए। अलमारी मे रखे 30 हजार रूपये, 4 सोने की अंगूठी, पायल, झुमकी, तोड़िया, बाली, 3 मोबाइल ले गए। चोर बक्से को जगन सिंह के खेत में उठाकर ले गए। पुत्र शमशाद ने बताया कि उनके यहां ये पांचवी चोरी है। मगर आज तक किसी घटना का पर्दाफाश नही हुआ है।
तीसरी घटना
नगला भीखन निवासी मजदूर दलबीर सिह पुत्र किसन लाल के यहां हुई। जहां चोर घर के सामने से खुली पड़ी जगह से दाखिल हो गए और चाभी से कमरे का ताला खोल लिया और उसमें रखे बक्से को उठा ले गए। बक्से में 10 हजार रूपये, एक जोड़ी झुमकी, एक अंगूठी, चांदी के 5 बर्तन, 3 जोड़ी पायल, मंगलसूत्र सहित लगभग डेढ़ लाख का सामान लेकर भाग गए। पीड़ित परिवार ने इसकी सूचना थाने में दी। दरोगा सुधीर कुमार सिंह फोर्स के साथ घटना स्थल पहुंचे। पुलिस ने ग्राामीणों को भरोसा दिलाया है कि जल्द सभी चोरियों का खुलासा कर दिया जाएगा।