ऊसराहार। पुलिस थाने में बैठकर आराम फरमाती रही और ग्रामीणों ने नगला गंगे मार्ग का रास्ता बंदकर बाइक सवार दो लुटेरों को गुरुवार सुबह पकड़ लिया। जबकि इनका एक साथी भाग निकला।
सुबह मैनपुरी के युवक से लूटा हुआ मोबाइल भी लुटेरों के पास से बरामद हुआ। साथ ही जून माह में एक महिला से लुटेरों ने टप्पेबाजी भी की थी। ग्रामीणों ने दोनों लुटेरों को पीटकर पुलिस के हवाले कर दिया।
मैनपुरी के थाना किशनी, लैगांव निवासी राम अवतार का बेटा हरिओम गुरुवार सुबह ऊसराहार बाजार में खरीदारी करने साइकिल से आ रहा था। किशनी केे शमशेरगंज के पास पहुंचने पर उसके मोबाइल पर किसी का फोन आया।
हरिओम वहां पर खड़े होकर मोबाइल फोन पर बात बात करने लगा। इसी दौरान पीछे से आ आए बाइक सवार लुटेरों ने युवक से मोबाइल लूट लिया और ऊसराहार की तरफ भागे। तभी वहां से बाइक से गुजर रहा हरिओम का मित्र अमोद आ गया।
उसने दोस्त को घटना बताई। आमोद ने नगला गंगे गांव निवासी दोस्त मुकेश को लूट की जानकारी दी। मुकेश ने ग्रामीणों की मदद से मार्ग पर बांस-बल्ली लगाकर रास्ता बंद कर दिया।
इसी बीच वहां पर बाइक सवार लुटेरे आ धमकेे। भागने के प्रयास में लुटेरे गिरकर घायल हो गए। ग्रामीणों बाइक सवार दो लुटेरों को चारों तरफ से घेरकर पकड़ लिया। जबकि उनका एक साथी मौके से भाग निकला।
हरिओम ग्रामीण की बाइक से मौके पर पहुंचा। लुटेरों के पास से हरिओम से लूटा हुआ मोबाइल बरामद हुआ। ग्रामीणों ने लुटेरों की पिटाई की और सूचना पुलिस को दी।
पुलिस दोनों आरोपी को हिरासत व बरामद बाइक को कब्जे कर थाने ले गई। कार्यवाहक थानाध्यक्ष देव नारायण द्विवेदी ने बताया कि पकड़े गए लुटेरों ने अपने नाम मैनपुरी के करहल निवासी राहुल व भरथना के गिहार नगर निवासी दीपू बताया है। जबकि इनका एक साथी फरार है। रिपोर्ट दर्ज कर मामले में कार्रवाई की जाएगी।