जसवंतनगर। थाना क्षेत्र के ढूढहा गांव में शुक्रवार को मजदूर अकबर जाटव (21) ने पेड़ से फांसी लगा जान दे दी। आत्महत्या की वजह परिजन व पुलिस नहीं बता सकी है।
गांव निवासी अकबर खेतों में मजदूरी करता था। परिजनों ने बताया कि सुबह काम पर जाने की बात कहकर वह निकला था। दोपहर में उसका शव घर से करीब एक किमी. दूर कृष्णा शीतगृह के पास बाग में पेड़ से फांसी लटकता मिला।
पुलिस ने अकबर को फंदे से नीचे उतरवाया, लेकिन तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं। अकबर के पिता की बीमारी से मौत हो चुकी है। मजदूरी करके मां गुड्डी देवी व चार भाई-बहनों का पेट पालता था।
गांव में प्रेम प्रसंग में अकबर के जान देने की चर्चा है। थाना प्रभारी ने बताया कि जांच के बाद ही आत्महत्या की वजह का पता चलेगा।