इटावा। सैफई थाना क्षेत्र के कुम्हावर गांव के ग्रामीणों ने चौकी के दो सिपाहियों और चौकी प्रभारी की शिकायत मंगलवार को एसएसपी डा. बृजेश कुमार सिंह से की। ग्रामीणों ने पुलिस कर्मियों पर फ्री में फल न देने पर वृद्धा को पीटने व चौकी प्रभारी पर उल्टा ग्रामीणों को ही झूठे मुकदमे फंसाने की धमकी देने का आरोप लगाया है।
कुम्हावर गांव के राजवीर समेत 28 ग्रामीणों ने एसएसपी को प्रार्थना पत्र देकर बताया कि सोमवार शाम करीब साढ़े सात बजे फल के ठेले पर उसकी मां चंद्रवती बैठी थी।
इस दौरान कुम्हावर चौकी के दो सिपाही आए और फल लेने लगे। आरोप है कि मां ने सिपाहियों से पैसे मांगे तो वह गुस्सा गए। सिपाही उसकी मां के साथ गाली-गलौज करने लगे।
एक सिपाही ने उसकी मां को धक्का दे दिया। जिससे वह सड़क पर गिर गई और चूड़िया टूटकर उनके हाथों पर लगने से कलाई से खून निकलने लगा। ग्रामीणों ने चौकी प्रभारी से शिकायत की।
आरोप है कि चौकी प्रभारी ने उल्टा वृद्धा व उसके बेटे को किसी झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी। इसके साथ ही अभद्र भाषा का प्रयोग किया। ग्राम प्रधान रानी राठौर ने घटना की निंदा करते हुए कहा कि सिपाहियों और चौकी प्रभारी का रवैया न बदला तो गांव के सभी लोग पुलिस कर्मियों के खिलाफ धरना देंगे।