इटावा। बढ़पुरा थाना क्षेत्र के बाहुरी अड्डा के पास छह दिन पहले पॉलीटेक्निक छात्र अमन यादव की हत्या उसी के दोस्त रॉक्सी यादव उर्फ नीलेश ने की थी।
सोमवार को पुलिस ने रॉक्सी यादव को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में हत्यारोपी ने बताया कि अमन के मोबाइल में उसकी प्रेमिका की कुछ निजी तस्वीरें थीं।
इन तस्वीरों के सहारे अमन प्रेमिका को ब्लैैक मेल करता था। इसी का बदला लेने के लिए उसने अमन की हत्या की और मौके पर तमंचा छोड़कर भाग गया था। पुलिस ने दोपहर बाद आरोपी को कोर्ट में पेश किया। जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
एसपी सिटी प्रशांत कुमार ने अपने कार्यालय में सोमवार को आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में बताया कि बढ़पुरा के अजबपुर मडैया निवासी करन सिंह का इकलौता बेटा अमन मध्य प्रदेश के भिंड से पॉलीटेक्निक कर रहा था।
एक जून को वह बाइक से मिर्च बेचने के लिए इटावा मंडी जा रहा था। रास्ते में बाहुरी अड्डा के पास उसकी गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। मौके पर पुलिस को तमंचा, जला हुआ मोबाइल फोन, एक चप्पल व कान का बाला मिला था।
मामले में मृतक के पिता करन सिंह ने अज्ञात के खिलाफ हत्या के प्रयास की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। बाद में मामला 302 में बदल दिया गया था। इसके बाद से पुलिस हत्यारोपी की तलाश में लगी थी।
सोमवार को बढ़पुरा थाना प्रभारी मुकेश बाबू चौहान, एसओजी प्रभारी सतीश चंद्र यादव और सर्विलांस प्रभारी बीके सिंह ने टीम के साथ सूचना पर बढ़पुरा के उधन्नपुरा गांव के पास से अजबपुर मडै़या निवासी रॉक्सी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने अमन की हत्या का जुर्म कबूल कर लिया।
एसपी के मुताबिक रॉक्सी ने पूछताछ में बताया कि उसकी प्रेमिका की कुछ निजी फोटो अमन के मोबाइल फोन पर थीं। इन्हीं फोटो के सहारे अमन उसकी प्रेमिका को ब्लैकमेल करता था।
कई बार समझाया, लेकिन वह अपनी हरकत से बाज नहीं आया। इसके बाद उसने अमन की हत्या की साजिश रची और एक जून के वारदात को अंजाम दे दिया।
आत्महत्या दर्शाने का किया प्रयास
हत्यारोपी रॉक्सी ने बताया कि अमन की हत्या को आत्महत्या का रंग देने की कोशिश उसने की थी। इसलिए वारदात में प्रयुक्त तमंचा व कारतूस मौके पर छोड़कर भाग गया था। ताकि पुलिस घटना को आत्महत्या मान लें।
रॉक्सी ने बताया कि घटना के दिन अमन से उसने अपनी प्रेमिका के फोटो मांगे थे। डिलीट करने को भी कहा था, लेकिन वह इसके लिए राजी नहीं हुआ। इस पर गुस्से में अमन को गोली मारकर वह भाग गया था। भागते समय उसने अपना मोबाइल एक ट्रक के ऊपर फेंक दिया था।
अमन की बहन से लेता था लोकेशन
हत्यारोपी रॉक्सी ने बताया कि उसने अमन की बहन को विश्वास में ले लिया था। जब अमन घर से निकलता था, तो इसकी जानकारी बहन उसे देती थी। इसके बाद वह अमन की रेकी करने लगता था। कई बार उसने रेकी कर अमन की हत्या की कोशिश की, लेकिन किसी न किसी वजह से सफल नहीं हो सका था।
मामी की चप्पल व बाला फेंका था
हत्यारोपी ने बताया कि वारदात को अंजाम देने के बाद वह अपनी मामा के घर गया। वहां से मामी की एक चप्पल व बाला उठा लाया। वारदात के दौरान मौके पर मिली चप्पल व बाला उसकी मामी का है, जो वह पुलिस को गुमराह करने के मकसद से मौके पर छोड़कर भागा था। पुलिस ने हत्यारोपी की निशानदेही पर दूसरे पांव की चप्पल व दूसरे कान का बाला भी बरामद कर लिया है।