इटावा। भरथना रोड स्थित कृष्णा हॉस्पिटल के पास बृहस्पतिवार को बाइक सवार लुटेरों ने मदद के बहाने किसान से 64 हजार रुपये लूट लिए। किसान ने लुटेरों का पीछा किया, लेकिन गिरने से घायल हो गया। किसान ने कई बार 112 नंबर मिलाया, लेकिन नहीं लगा। इसके बाद फ्रेंड्स कालोनी थाने में जाकर लिखित तहरीर दी। पुलिस ने लूट की घटना को टप्पेबाजी बताकर चोरी की रिपोर्ट दर्ज की है।
इकदिल के चितभवन गांव निवासी राजेंद्र सिंह किसान हैं। राजेंद्र ने बताया कि पिता जगदीश नारायण पीडब्ल्यूडी में ड्राइवर थे। उनकी मौत करीब 10 साल पहले हो गई थी। उनकी पेंशन मां हरप्यारी को मिलती है। बृहस्पतिवार को वह मां को साइकिल से शास्त्री चौराहा के पास स्थित यूनियन बैंक में रुपये निकासी के लिए ले गए थे। बैंक से 64 हजार रुपये खेती-किसानी के लिए निकाले। रुपये व पासबुक समेत अन्य कागजात एक झोले में रखकर साइकिल के हैंडल में टांगकर वह मां को लेकर घर जा रहे थे।
भरथना रोड स्थित कृष्णा हॉस्पिटल के पास उनकी साइकिल की चेन में धागा फंस गया, जिसे वह निकालने की कोशिश कर रहे थे। तभी अपाचे बाइक सवार दो युवक आए। एक बाइक से उतरा और मदद करने के लिए पूछने लगा। मना करने पर युवक साइकिल में टंगा रुपये से भरा झोला छीनकर भागा। इस पर पीछा करने का प्रयास किया, लेकिन सड़क पर गिरकर घायल हो गया। लुटेरे बाइक से भाग निकले। राजेंद्र के मुताबिक कई बार 112 नंबर मिलाया, लेकिन वह नहीं मिला। इस पर उसने गांव के प्रधान को लूट की सूचना दी। इसके बाद किसान ने फ्रेंड्स कॉलोनी थाने में जाकर लूट की तहरीर दी। तब पुलिस पीड़ित के साथ घटनास्थल पर गई और मौका मुआयना किया। थाना प्रभारी गगन कुमार गौड़ ने बताया कि लूट नहीं किसान के साथ टप्पेबाजी हुई है। तहरीर लेकर चोरी की रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। साथ ही घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है।
बाइकर्स ने लूटी चेन, गिरकर मां-बेटा घायल
इकदिल संवाद के अनुसार कानपुर-आगरा नेशनल हाईवे पर इकदिल ओवरब्रिज के पास बृहस्पतिवार की सुबह बाइक सवार महिला के गले में झपट्टा मारकर पल्सर सवार बदमाश चेन लूटकर भाग गए। इस दौरान महिला सात माह के बेटे के साथ हाईवे पर गिरकर घायल हो गई। दोनों को सैफई में भर्ती कराया गया है। बकेवर के अठलक्ड़ा गांव निवासी मनोज यादव ने बताया कि सात माह के बेटे शिवांग की तबीयत बुधवार रात को खराब थी। बृहस्पतिवार की सुबह दस बजे पत्नी शशि के साथ बेटे को लेकर दवा दिलाने जिला अस्पताल इटावा जा रहे थे। इसी बीच रास्ते में पल्सर बाइक सवार दो बदमाश पीछा करने लगे और इकदिल ओवरब्रिज के पास झपट्टा मारकर पत्नी शशि के गले से चेन लूट ली। शशि बेटे संग बाइक से हाईवे पर गिर गई, जिससे दोनों के सिर में चोटें आईं।