फोटो संख्या 19 माता वैष्णों देवी यात्रा पर जाते कानपुर के साइकिल यात्री
- फोटो : ETAWAH
इटावा। एक अगस्त को कानपुर से मां वैष्णो देवी के दर्शन के लिए साइकिल से जाने वाले देवी भक्तों का दल बुधवार को इटावा पहुंचा। सीनियर साइकिल यात्रा जय अंबे कमेटी कानपुर के बैनर तले 17 सदस्य इस दल में शामिल हैं। दल का नेतृत्व अजय चौधरी कर रहे हैं।
उन्होंने बताया कि इस दल में आजाद शर्मा और अरुण दो ऐसे देवी भक्त हैं जो 1985 से साइकिल से वैष्णो देवी की यात्रा पर जा रहे हैं। वे खुद 1994 से जा रहे हैं। सभी लोग वैक्सीनेटेड हैं और कोरोना गाइड लाइन का पालन करते हुए मास्क लगाकर और सैनिटाइजर लेकर चल रहे हैं। 17 से 18 दिन में कटरा पहुंच जाएंगे।
अजय चौधरी ने बताया रोजाना करीब 120 से लेकर 130 किलोमीटर साइकिल चलाते हैं। रास्ते मे जो भी मंदिर, मस्जिद अथवा गुरुद्वारा मिलता है उसी में रात में रुककर सुबह फिर से अपना सफर शुरू कर देते हैं। पूछने पर बताया कई बार मस्जिद में रुके कोई परेशानी नहीं हुई। साइकिल से वह बाला जी के अलावा देवा शरीफ व अजमेर शरीफ भी जा चुके हैं।
हर साल अगस्त में ही वैष्णो देवी यात्रा पर जाने की वजह पूछने पर बताया इस मौसम में पहाड़ों पर मौसम अच्छा रहता है। बारिश का असर भी ज्यादा नहीं रहता है। वापसी में ट्रेन से लौटते है और साइकिल भी बुक करा कर लाते हैं। इस दल में शामिल देवी भक्तों में मनोज सोनकर, पिंटू, शुभम, साहिल नाम के दो लोग, राहुल, लाला आदि शामिल हैं। इटावा से उनके दल में राजेंद्र शामिल हुए हैं। जबकि हरिद्वार से अमन शामिल होंगे।