ऊसराहार। ताखा ब्लाक के ककराही गांव में एक और पुरुष को महिला बनाकर विधवा पेंशन जारी करने का मामला सामने आया है।
ककराही गांव में रोज नए मामले सामने आ रहे हैं। यहां दलालों ने पुरुषों को विधवा बनाकर पेंशन जारी करवा दी। इतना ही नहीं कई महिलाएं जिनके पति जीवित है और उन्हें भी विधवा पेंशन मिल रही हैं। गांव निवासी शारदा देवी को 313510384572 आईडी पर पेंशन मिल रही है। जबकि उनके पति अनंतराम जिंदा हैं। शारदा देवी ने बताया कि गांव के एक लड़के ने उनका फार्म भरा था। उन्हें पेंशन बनाने का भरोसा दिया था। फार्म भरने वाले माफिया ने पेंशन बनने पर पहली किस्त लेने की बात की थी। जैसे ही पेंशन उनके खाते में आई तो पेंशन बनवाने वाले युवक ने ग्राहक सेवा केंद्र पर ले जाकर पेंशन निकलवा ली। उन्हें तो यही पता था कि उनकी वृद्धा पेंशन बनाई गई है।
इसी तरह से एक पेंशन 313510384802 आईडी पर प्रयागदास को पेंशन बना दी गई। इसके लिए कागजों पर प्रयागदास को प्रयागदास देवी बना दिया गया। पिता मनीराम को पति का नाम देकर विधवा पेंशन जारी करा दी गई है। जालसाजों का कारनामा तो देखिए जो पेंशन प्रोबेशन विभाग अपने यहां से प्रयागदास देवी के खाते में भेजता है वह पेंशन पहुंचती प्रयागदास के खाते में है। अब सवाल यह उठता है कि आखिर यह घालमेल बिना विभाग की मिलीभगत से कैसे संभव है।
एडीओ समाज कल्याण शिवम पाल ने बताया कि प्रयागदास ही प्रयागदास देवी है। फर्जी पेंशन संबंधी जांच रिपोर्ट बनाकर जिला मुख्यालय भेजी जाएगी।