लवेदी। थाना क्षेत्र के जैतपुरा गांव के सामने भोगनीपुर नहर में मंगलवार सुबह एक युवक का शव पानी में उतराता देख गांव में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने शव को बाहर निकाला और लोगों की मदद से पहचान का प्रयास किया लेकिन सफलता नहीं मिली।
जैतपुरा गांव के ग्रामीण मंगलवार सुबह भोगनीपुर नहर के किनारे से होते हुए अपने काम पर जा रहे थे। तभी उनको नहर में एक शव उतराता दिखा। ग्रामीणों ने सूचना अन्य ग्रामीणों व लवेदी थाना पुलिस को दी।
पुलिस ने शव को नहर से बाहर निकाला। शव करीब 40 वर्षीय युवक का लग रहा था। उसके हाथ में राखियां बंधी थी और दाएं हाथ में नीरज नाम लिखा था।
माथे पर चोट का निशान देख ग्रामीणों ने हत्या कर शव फेंके जाने की आशंका जताई है। थानाध्यक्ष सुरेश चंद्र ने बताया कि शव के माथे पर चोट का निशान है।
शव को शवगृह में रखवाकर उसके पहचान का प्रयास किया जा रहा है। युवक कूदा है या हत्या हुई इसकी जांच पहचान होने या पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट हो सकेगी।