इटावा। जिला एथलेटिक एसोसिएशन 26 अगस्त को राज्य स्तरीय वॉक रेस पैदल चाल का आयोजन करेगा। यह प्रतियोगिता सुदिति ग्लोबल एकेडमी में आयोजित होगी। इस प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश के सभी जिलों और मंडलों से चयनित खिलाड़ी हिस्सा लेंगे।
प्रतियोगिता के आयोजन सचिव सिद्धार्थ कृष्ण ने बताया कि गुरुवार सुबह छह बजे सभी खिलाड़ी रिपोर्ट कर अपना चेस्ट नंबर प्राप्त कर लें। यह वॉक रेस सुबह सात प्रारंभ कर दी जाएगी। प्रतियोगिता में मुख्य अतिथि सुदिती ग्लोबल एकेडमी के प्रधानाचार्य कमल कुमार होंगे। एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष मयंक यादव ने बताया कि प्रतियोगिता का आयोजन उत्तर प्रदेश एथलेटिक्स एसोसिएशन के निर्देशों व कोविड की गाइडलाइन के अनुसार किया जा रहा है।
सचिव एसके यादव ने बताया कि प्रतियोगिता में पहली बार 35 किलोमीटर वॉक रेस का भी आयोजन किया गया है। इसमें चयनित खिलाड़ी का अंडर 23 व सीनियर नेशनल के लिए भी चयन होगा, जो आने वाली नेशनल एथलेटिक्स चैंपियनशिप प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे। प्रतियोगिता में रेल विभाग में कार्यरत चार बार के अंतर्राष्ट्रीय पैदल चालक एकनाथ भी खिलाड़ियों को हौसला अफजाई के लिए मौजूद रहेंगे।