इटावा। भारत सरकार के पंचायती राज मंत्रालय की ओर से 31 जनवरी तक जन योजना अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत कई सामाजिक और आर्थिक विकास को ध्यान में रखते हुए ग्राम पंचायत, क्षेत्र पंचायत तथा जिला पंचायतें विकास की योजनाएं बनाएंगी।
योजनाएं का प्रारूप इस तरह से तैयार होगा, जिससे दो या दो से अधिक ग्राम पंचायतें लाभान्वित हों। जिलाधिकारी श्रुति सिंह ने कलक्ट्रेट में हुई बैठक में कहा कि इस कार्य के लिए नोडल अधिकारी जल्द नामित किए जाएंगे।
जिला पंचायत और क्षेत्र पंचायत की गतिविधियों का चयन ग्राम पंचायतों की कार्य योजना के आधार पर किया जाएगा। क्षेत्र और जिला पंचायत अपनी विकास योजनाओं में विकासात्मक जरूरतों को ध्यान में रखें।
उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यों को विकास योजना में अनिवार्य रूप से हिस्सा बनाया जाए, जिससे दो से अधिक ग्राम पंचायतें या दो से अधिक क्षेत्र पंचायतें प्रभावित होती हैं।
कहा कि बुनियादी ढांचे के विकास को प्राथमिकता दी जानी चाहिए। जिलाधिकारी ने सभी अफसरों से कहा कि वे जिला स्तर से ग्राम सभा की बैठक में प्रतिभाग करने को नामित अधिकारियों को शामिल कराएं।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी संतोष कुमार राय, परियोजना निदेशक जयकेश त्रिपाठी, जिला विद्यालय निरीक्षक राजू राणा, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी उमानाथ तथा जिला पंचायत राज अधिकारी यतेंद्र कुमार मौजूद रहे।