इटावा। डा. भीमराव आंबेडकर संयुक्त जिला अस्पताल के महिला वार्ड में रविवार की रात प्रसव के बाद जच्चा-बच्चा की मौत हो गई। मौत से गुस्साएं परिजनों ने डॉक्टरों के खिलाफ लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को समझा-बुझाकर शांत किया।
फ्रेंड्स कॉलोनी थाना क्षेत्र के तुलसी अड्डा निवासी रामबाबू कठेरिया ने बताया कि रविवार दोपहर पत्नी मीना देवी को प्रसव पीड़ा होने पर जिला अस्पताल के महिला विंग में भर्ती कराया था।
रात को पत्नी ने अस्पताल में मृत बेटे को जन्म दिया। इसके बाद उसकी हालत खराब होने लगी। यह देख महिला अस्पताल के डॉक्टर पत्नी को सैफई मेडिकल यूनिवर्सिटी में रेफर कर दिया।
परिजन मीना को सैफई ले जाने लगे तभी उसने दम तोड़ दिया, जिससे परिजन आक्रोशित हो गए और डॉक्टरों व स्टॉफ के खिलाफ लापरवाही का आरोप लगा हंगामा करने लगे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को समझा-बुझाकर शांत कराया।
सिविल लाइन थाना प्रभारी अजय नारायण सिंह ने बताया कि हंगामे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामला शांत कराया। इसके बाद परिजन शव को लेकर घर चले गए।