घटनास्थल का निरीक्षण करते एसएसपी अशोक त्रिपाठी। अमर उजाला
- फोटो : amar ujala
वैदपुरा थाना क्षेत्र के छिमारा गांव के पास बिजली गोदाम पर शनिवार रात चौकीदारी की गला घोटकर हत्या कर दी गई। हत्या की वजह अभी तक साफ नहीं हो पाई है। चोरी और लूट की वारदात नहीं होने से पुलिस रंजिश व अन्य पहलुओं पर जांच कर रही है। वहीं चौकीदार के भाई ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। पुलिस ने एक युवक को भी हिरासत में लिया है।
भरथना थाना क्षेत्र के गांव नगला मुलू निवासी राम लखन यादव (45) पुत्र बहादुर सिंह के नाम एक डीबीबीएल बंदूक का लाइसेंस है। इसी शस्त्र लाइसेंस की वजह से बिजली के टॉवर लगा रही मान कंपनी में चौकीदार की नौकरी मिल गई थी। वह कंपनी के गोदाम छिमारा में दो महीनों से तैनात था। गत शनिवार शाम को वह रोज की भांति नगला पुल स्थित ससुराल में भोजन करने के बाद रात करीब नौ बजे ड्यूटी पर आ गया था। देर रात उसकी गला घोटकर हत्या कर दी गई। आसपास के गांव के लोगो को इसकी भनक नही लग सकी।
रविवार सुबह गांव के लोग खेतों पर निकले तो राम लखन का शव चारपाई से करीब पचास मीटर की दूरी पर झाड़ियों में पड़ा मिला। लोगों ने इसकी सूचना उसकी ससुराल में जाकर दी। इस पर रिश्तेदार मौके पर पहुंचे और इसकी सूचना पुलिस को दी। हत्यारों ने रामलखन के हाथ-पैर अंगौछे से बंाध दिए थे। शरीर चोटों के निशान से साफ था कि उनके साथ मारपीट भी की गई। बाद में गला दबाकर हत्या कर दी और शव को झाड़ियों में फेंक दिया गया।
प्रभारी निरीक्षक वैदपुरा जेपी यादव मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। चौकीदार की हत्या की जानकारी मिलने पर एसएसपी अशोक कुमार त्रिपाठी व सीओ सैफई निर्मल चंद्र विष्ट ने भी घटनास्थल पर गए। हत्या के संबंध में मृतक के भाई सियाराम ने अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने गांव के एक युवक को हिरासत में लिया है। जिससे पूछताछ कर रही है। प्रभारी निरीक्षक जेपी यादव ने बताया कि पुलिस ने पूछताछ के लिए कुछ लोगों को हिरासत में लिया है। वहीं गोदाम में चोरी और लूट जैसी किसी वारदात का क्लू नहीं मिला है। ऐसे में पुलिस रंजिश व अन्य पहलुओं पर जांच कर रही है।