गांव सराय मिटठे में बुधवार की रात को चोरों ने दो मकानों के ताले तोड़ दिए। वे वहां से जेवर-नकदी समेत करीब पांच लाख का माल पार कर ले गए। वारदात के समय परिजन घर में सोते रहे लेकिन उन्हें चोरी की भनक नहीं लग सकी।
सूचना पर पहुंची बकेवर पुलिस ने घटना स्थल का निरीक्षण किया। बुधवार की रात सूरज पुत्र लाल किशोर और उसकी बहन छत पर सो रहे थे। रात में चोरों ने उसके किवाड़ में लगे बोल्ट को खोलकर किवाड अलग कर दिया। इसके बाद भीतर घुसे चोरों नेे कमरे में लगे ताले तोड़ दिए।
फिर वहां रखे बक्सों को खोलकर उसमें रखे जेवर-नकदी व अन्य सामान चुरा ले गए। छत पर सो रहे सूरज व उसकी बहन को चोरों की भनक नहीं लग सकी।
इसके बाद चोरों ने पड़ोस में रहने वाले अवधेश कुमार पुत्र प्रेम नारायण चतुर्वेदी के घर पर धावा बोला। सूरज के घर से लाए सीढ़ी से अवधेश के मकान में वे घुस गए।
फिर कमरों के ताले तोड़कर बक्सों से जेवर नकदी व अन्य सामान पार कर दिया। घर में सो रहे अवधेश व उनके परिवारीजनों को भी चोरों की आहट नही लगी। घटना को अंजाम देने के बाद चोर फरार हो गए।
गुरुवार की सुबह सूरज व उसकी बहन सोकर उठे तो उन्हें चोरी की जानकारी हुई। सूरज ने बताया कि चोर उनके घर से करीब सौ ग्राम सोने के और आधा किलो चांदी के जेवरों के साथ 80 हजार रुपये के साथ अन्य सामान चुरा ले गए। उसने बताया कि उसकी बड़ी बहन ससुराल से आई थी। उसका जेवर भी चोर पार कर ले गए।
इसी प्रकार अवधेश ने बताया कि चोर उसके घर से छह तोले सोने के जेवर व बीस हजार रुपये आदि पार कर ले गए। चोरी की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन की। दोनों घटनाओं की तहरीर थाने में दे दी गई है। पुलिस चोरों का सुराग लगा रही है।