कोतवाली क्षेत्र के महेरा चुंगी के पास स्थित एक टायर विक्रेता के मकान के ताले तोड़कर चोर जेवर नकदी सहित करीब पांच लाख का माल चुरा ले गए।
मकान मालिक अपने परिवार के साथ शहर केे ही मुहल्ला हुईगंज रिश्तेदार के यहां पारिवारिक समारोह में शामिल होने गया था। शनिवार की सुबह लौटने पर घटना का पता चला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का मौका मुआयना किया। वकील अहमद पुत्र नसीर अहमद का महेरा चुंगी के पास ही मकान है।
निचले हिस्से में उनकी टायरों की दुकान है और ऊपरी हिस्से में वह परिवार के साथ रहते हैं। शुक्रवार की रात करीब नौ बजे दुकान बंद करने के बाद अपनी पत्नी और बच्चों के साथ हुईगंज पचराहा में रहने रिश्तेेदारों के यहां पारिवारिक समारोह में शामिल होने गए। रात में वहीं पर रुक गए।
उधर मकान को सूना पाकर चोरों ने मुख्य गेट का ताला तोड़ डाला। फिर ऊपरी मंजिल पर कमरों के ताले तोड़कर उसमें रखी अलमारी और बक्सों को इत्मिनान से खंगाला। वहां रखे जेवर और नकदी समेत पांच लाख का माल पार दिया। चोरी की घटना की भनक पड़ोसियों को नहीं लग सकी।
शनिवार सुबह जब वकील अहमद घर पहुंचे तो उन्हें गेट का ताला टूटा मिला। घर के अंदर पहुंचे तो सारा सामान अस्त-व्यस्त था। अलमारी में रखे जेवर व नकदी चोरी हो गई थी।
वकील ने बताया कि चोर उसके घर से नब्बे हजार रुपया, दस तोले के सोने के जेवर, ढाई सौ ग्राम वजन के चांदी के जेवर व कपड़े आदि चुरा ले गए। वकील ने इसकी जानकारी पुलिस कंट्रोल रूम को दी। घटना की जानकारी मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
वकील के अनुसार चोर उसके मकान से करीब पांच लाख का सामान चोरी कर ले गए। घटना की तहरीर कोतवाली में दे दी गई है। कोतवाल ने बताया कि पुलिस चोरों की तलाश कर रही है।
घर में घुसकर नकदी-जेवर चोरी
भरथना (इटावा)। मोहल्ला गांधीनगर में शुक्रवार की रात चोरों ने हजारों की चोरी कर ली। संजीव कुमार यादव पुत्र वृंदावन यादव के मकान में चोर छत के रास्ते से दाखिल हुए। कमरे में रखी अलमारी का लॉक तोड़कर सोने की दो अंगूठी, 15 हजार रुपये पार कर दी। सुबह जब सामान बिखरा देखा तो परिजनों को चोरी की जानकारी हुई। संजीव ने तहरीर दी है।