आबादी के बीच स्थित शराब के ठेकों पर महिलाओं का गुस्सा कायम है। गुरुवार को जिले के तीन स्थानों पर महिलाओं ने शराब के ठेकों में तोड़फोड़ कर उन्हें बंद कराया। वहीं शुक्रवार को भी ये चिंगारी सुलगती रही। शहर के रामलीला रोड स्थित मडै़या शिवनारायण ठेके और बकेवर के भरईपुर में ठेके पर तोड़फोड़ और लूटपाट की गई। वहीं वैदपुरा में एसडीएम ने देसी, अंग्रेजी शराब और बीयर के तीन ठेके सील करा दिए।
बकेवर थानाक्षेत्र के ग्राम भरईपुर में शुक्रवार सुबह साढ़े नौ बजे दुकानदार ने देसी शराब का ठेका खोला। इसी बीच दो दर्जन से अधिक लोग वहां पहुंच गए। उन्हाेंने ठेके का दरवाजा तोड़ दिया और शराब की पेटियां लूट लीं। दो दिन की बिक्री के रुपये और दुकानदार अभिलाख उर्फ भूरे का मोबाइल फोन लूट लिया। सूचना मिलते ही 100 नंबर पुलिस और थाना बकेवर से दरोगा अलाउद्दीन अंसारी, पंचमलाल मौके पर पहुंचे। लेकिन तब तक उपद्रवी भाग गए। ठेेका निशा देवी पत्नी राजेश पाल के नाम से है। उन्हाेंने ग्राम प्रधान भरईपुर मनोज कुमार दोहरे सहित दस नामजद व एक दर्जन से अधिक लोगों के विरुद्ध प्रार्थना पत्र दिया है। पुलिस ने कहा कि मामला दर्ज किया जाएगा। उपजिलाधिकारी भरथना राजमणि मिश्रा, सीओ भरथना शिवराज ने आबकारी विभाग की टीम के साथ घटनास्थल का जायजा लिया।
उधर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत रामलीला रोड पर कुछ दिन पहले ही शिवम टाकीज के पास देसी शराब की दुकान खुली है। शुक्रवार दोपहर गद्दीदार दुकान पर बैठा था, तभी मोहल्ले के लोग वहां पहुंच गए। उन्होंने कहा कि बीच बस्ती में शराब की दुकान होने से वहां अराजकतत्व एकत्र होते हैं और राह चलती महिलाओं से अभद्रता करते हैं। इस कारण से शराब की दुकान हटनी चाहिए। लोगों का विरोध देख गद्दीदार भाग निकला। इसी बीच वहां कुछ अराजक तत्व भी आ गए। उन्होंने वहां तोड़फोड़ कर दी। दुकान के पास स्थित नमकीन की दुकान पर भी लोगों ने धावा बोल दिया और सामान ले गए। कुछ लोग दुकान से शराब की पेटी भी उठा ले गए। हंगामे की सूचना मिलने पर सीओ सिटी राघवेंद्र सिंह राठौर व कोतवाल जीवा राम यादव मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाकर शांत किया। सीओ ने कहा कि उन्हें कोई समस्या है तो वह अधिकरियों को अवगत कराएं। सीओ ने बताया यदि दुकानदार तहरीर देगा तो रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
वैदपुरा मे तीन ठेके सील
बैदपुरा। वैदपुरा में एसडीएम जसवंतनगर हंसराज यादव ने रजमऊ रोड पर स्थित देशी, अंग्रेजी और बीयर के तीनों ठेके बंद करा दिए। वैदपुरा में रजमऊ रोड पर तीनाें ठेके एक ही भवन स्वामी की किराये की दुकानों में संचालित थे। इन ठेकों का विरोध गुरुवार को महिलाओं ने किया था। बवाल के बाद शुक्रवार को एसडीएम जसवंतनगर हंसराज यादव, एसडीएम सैफई अजय कुमार मौके पर पहुंचे। उन्होंने हाईवे से ठेकों तक की दूरी 500 मीटर से कम पाई। इसके अलावा शराब के ठेकों के मानक भी पूरे नहीं मिले। इस पर उन्होंने तीनों ठेके सील करा दिए।