एक युवक ने आपसी विवाद में बांके से गला काटकर पत्नी को मार डाला। घटना के बाद से बच्चों और मां को लेकर मौके से भागे पति को पुलिस तलाश रही है। जसवंतनगर थाने के गांव धरवार निवासी मुकेश कुमार पाल का विवाह लगभग आठ साल पहले भरथना थाने के गांव पतियां निवासी ज्ञान सिंह की बेटी अर्चना के साथ हुआ था। शादी के कुछ समय बाद ही पति-पत्नी में विवाद होने लगा। मुकेश और अर्चना के एक पुत्र और एक पुत्री है। विवाद बढ़ने पर अर्चना अपने बच्चों को लेकर तीन चार साल से मायके में रह रही थी। ग्रामीणों ने बताया कि दोनों के बीच अदालत में मुकदमा भी चल रहा था।
एक दिन पहले ही मुकेश अर्चना और अपने दोनों बच्चों को लेकर गांव आया था। घर में उसकी मां भी साथ रहती है। गांववालों के मुताबिक बुधवार देर शाम मुकेश का पत्नी से अर्चना से फिर विवाद हुआ। इस पर मुकेश ने बांके से गर्दन काटकर अर्चना की हत्या कर दी और बच्चों व मां को लेकर घर से भाग निकला।
लोगों की सूचना पर आई पुलिस को घर में कोई नहीं मिला। एएसपी जितेंद्र कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि मुकेश ने आपसी विवाद के चलते पत्नी की गला काटकर हत्या कर दी और मौके से भाग निकला। उन्होंने बताया कि मुकेश मंगलवार को ही अपनी पत्नी अर्चना को मायके से लेकर आया था। उसकी तलाश की जा रही है। अर्चना के मायकेवालों को सूचना दे दी गई है।