लोगों से जानकारी करते एसएसपी वैभव कृष्ण
- फोटो : अमर उजाला
फ्रेंड्स कालोनी थाना क्षेत्र के मोहल्ला अशोक नगर में वृद्ध का शव उसके कमरे में पड़ा मिला। शव करीब दो तीन दिन पुराना लग रहा है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर उसे पोस्ट मार्टम के लिए भेजा है। वृद्ध की मौत कैसे हुई इसके बारे में कुछ पता नहीं चल सका।
पीडब्लूडी विभाग में चतुर्थ श्रेणी पद से रिटायर्ड राजेंद्र प्रसाद वर्मा (75) अपनी पत्नी राधा के साथ अशोक नगर मोहल्ले की गली नंबर चार में रहते थे। उनकी कोई संतान नहीं है। उनका मोहल्ले के किसी से कोई संपर्क नहीं रहता था। शुक्रवार को लोगों ने उनके घर से बदबू आई तो पुलिस को सूचना दी। एसओ फ्रेड्स कालोनी फहीम अख्तर मय फोर्स के मौके पर पहुंचे और घर के अंदर जाकर देखा तो राजेद्र प्रसाद वर्मा का शव कमरे में जमीन पर पड़ा था। पास ही बैठी उनकी पत्नी से पूछा, लेकिन वह कोई जवाब नहीं दे सकी। बाद में एसएसपी वैभव कृष्ण सीओ सिटी राघवेंद्र सिंह राठौर मौके पर पहुंचे और घटना स्थल का निरीक्षण किया। सीओ सिटी ने बताया कि शव दो तीन दिन पुराना लग रहा है। मोहल्ले के लोगों ने बताया कि राजेंद्र प्रसाद वर्मा को दौरे पड़ते थे। ऐसा लग रहा कि दौरा पड़ने से उनकी मौत हो गई। उसकी पत्नी कुछ नहीं बता रही है। वह बदहवास स्थिति में हैं। पुलिस ने उनके रिश्तेदारों के बारे में जानकारी कर उन्हें बुलाया है।