लोगों को इनाम का लालच देकर उनके साथ ठगी की वारदात अंजाम देने वाले साइबर अपराधी गिरोह के छह गुर्गों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। उनके पास से लैपटॉप, मोबाइल फोन के साथ अन्य सामान बरामद किया गया।
पुलिस का दावा है कि आरोपियों ने दो सौ लोगों के साथ ठगी की बात कबूल की है। मंगलवार को पुलिस लाइन सभागार में एसएसपी डा. राकेश सिंह ने प्रेसवार्ता में यह खुलासा किया।
उन्होंने बताया कि उन्हें लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि एक गैंग लोगों को इनाम का लालच देकर उनके एटीएम कार्ड का नंबर या फिर बैंक खाता संख्या पूछकर उनके खातों से रुपये निकाल ले रहा है। इस पर उन्होंने पूरे मामले की जांच क्राइम ब्रांच और साइबर शाखा को सौंपी थी। क्राइम ब्रांच के सीओ अनिल कुमार के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया।
यह टीम साइबर अपराधियों की तलाश में जुटी थी तभी मुखबिर से सूचना मिली कि गैंग से जुड़े कुछ लोग पक्काबाग के पास मौजूद हैं और ऑनलाइन शॉपिंग कर खरीदे गए सामान की बिक्री करने की फिराक में हैं।
उन्होंने बताया कि इसी सूचना पर टीम ने छापा मारकर छह युवकों को गिरफ्तार किया। तलाशी में उनके पास से कई मोबाइल फोन, लैपटॉप के साथ अन्य सामान बरामद हुआ।
पकड़े गए लोगों ने अपने नाम शोएव कुरैशी उर्फ अमन पुत्र यासीन कुरैशी, राशिद कुरैशी पुत्र इश्त्यिाक कुरैशी निवासीगण फत्तेपुर मूसानगर कानपुर देहात, महेश उर्फ नरेंद्र कुमार पुत्र रामकुमार, केशव प्रसाद उर्फ दीपू पुत्र भोलानाथ निवासी रठगांव घाटमपुर कानपुर नगर, उदल सिंह पुत्र श्रीकृष्ण निवासी शिवडारी थाना घाटमपुर कानपुर नगर, सुतिम समित सचान उर्फ मनोज पुत्र जगदम्बा प्रसाद निवासी कल्ला थाना भोगनीपुर बताए।
बकौल एसएसपी पूछताछ में पकड़े गए लोगों ने बताया कि वह फोन करके लोगों से उनके एकाउंट नंबर और एटीएम कार्ड का नंबर पूछ लेते थे और ऑनलाइन शॉपिंग करके उनके खाते की रकम निकाल लेते थे।
उन्होंने बताया कि अब तक वह दो सौ लोगों के साथ धोखाधड़ी कर चुके हैं। एसएसपी ने बताया कि उनका नेटवर्क काफी फैला हुआ है। उनके अन्य साथियों को गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं। प्रेसवार्ता में एएसपी सर्वानंद यादव भी मौजूद रहे।