बसरेहर। पत्नी व भाई के साथ शेरपुर गांव से लौट रहे युवक को लुटेरों ने तमंचे के बल पर लूट लिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लुटेरों को तलाश किया। दिनदहाड़े हुई लूट से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
औरैया जिले के अछल्दा थाना क्षेत्र के गांव गिनौली निवासी अर्पित अपनी पत्नी पूनम देवी व छोटे भाई शिवम के साथ साले की वरीक्षा में शामिल होने के लिए बसरेहर के गांवशेरपुर स्थित अपनी ससुराल आया था। वहां से लौटते समय बाइक पर सवार दो लुटेरों ने अर्पित की बाइक को ओवरटेक कर रोक लिया। अर्पित पर तमंचा तान पूनम से जेवर लूटने लगे। जब शिवम ने इसका विरोध किया तो लुटेरों ने उसके साथ मारपीट कर दी। बाद में लुटेरे पूनम के गले में पड़ी चेन मंगलसूत्र अंगूठी और अर्पित के गले में पड़ी चेन लूट ले गए। लूट की सूचना मिलने के बाद उसके ससुरालीजन मौके पर पहुंचे और इसकी जानकारी थाना पुलिस को दी। पुलिस ने लुटेरों को तलाश किया, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लग सका। पीड़ित ने इस संबंध में थाने में तहरीर दी है।