टूंडला। चोरों ने एसडीएम, सीओ, तहसीलदार के कार्यालयों सहित सभी कार्यालय और न्यायालयों के ताले तोड़कर प्रशासन को चुनौती दे दी। चोर सीओ कार्यालय से बैटरी चोरी कर ले गए वहीं अन्य कार्यालयों से भी सामान चोरी कर लिया।
गुरुवार सुबह तहसील के दफ्तरों, न्यायालयों सहित सभी कक्षों के ताले टूटे पड़े थे। कर्मचारियों ने एसडीएम डॉ. सुरेश कुमार, सीओ संजय वर्मा को घटना की जानकारी दी। सीओ चैंबर में बैटरियां का तेजाब फर्श पर फैला पड़ा था तथा बैटरियां गायब थी। मामले में नायब नाजिर जीत बहादुर ने मामला दर्ज कराया। इसके अलावा तहसील में सिर्फ तालू टूटे थे। सामान कोई चोरी नहीं किया। शौचालयों तक के भी ताले टूटे थे।
तहसील में एसडीएम व सीओ के साथ रहने वाला पुलिस दस्ते के साथ ही पुलिस पिकेट रहती है। बावजूद किसी को चोरी का पता नहीं चला। टूंडला तहसील में सीसीटीवी कैमरे तक नहीं लगे थे। एसडीएम डॉ. सुरेश कुमार ने बताया कि तहसील प्रांगण में सीसीटीवी कैमरे नहीं हैं। वहीं सीओ संजय वर्मा का कहना है कि कैमरे तो हैं लेकिन वो काम नहीं कर रहे।
तहसील के सभी कार्यालयों, न्यायालयों के ताले तोड़े गए हैं। प्रथम दृष्टया कोई सामान चोरी जाता नजर नहीं आ रहा है, लेकिन तहसील में इस तरह की वारदात होना गंभीर है। मामले में पुलिस जांच कर रही है।
- डॉ. सुरेश कुमार, एसडीएम
फिंगर प्रिंट टीम ने साक्ष्य जुटाएं हैं। इसके साथ ही घटना के खुलासे के लिए टीम काम कर रही है। तहसील का अंदरूनी मामला लग रहा है जल्द ही इस घटना का खुलासा कर दिया जाण्गा। तहसील में लगे सीसीटीवी कैमरे काम कर रहे होते तो अब तक खुलासा हो जाता। तैनात गारद के विरुद्ध रिपोर्ट भेज दी है।
- संजय वर्मा, पुलिस क्षेत्राधिकारी