पकड़े गए चोरों के साथ पुलिस बल व जानकारी देते एसएसपी अशोक त्रिपाठी।
- फोटो : amar ujala
वैदपुरा थाना पुलिस व क्राइम ब्रंाच की संयुक्त टीम ने मंगलवार देर रात को सेंगर नदी पुल के पास से अंतर्जनपदीय चोर गिरोह के चार गुर्गों को दबोचा। उनके पास से कार, मोबाइल टावरों से चुराई गई 22 बैट्री, मोबाइल के अलावा तमंचा कारतूस बरामद हुए। पूछताछ में अन्य सदस्यों के नाम भी बताए, जिनकी तलाश पुलिस कर रही है।
पुलिस लाइन के सभागार में पत्रकारों से बातचीत में एसएसपी अशोक कुमार त्रिपाठी ने बताया कि कुछ दिन पूर्व वैदपुरा क्षेत्र के गांव अधियापुरा मोड़ के पास से एक बैगनआर कार चुराई गई थी। इस पर उन्होंने वैदपुरा के प्रभारी निरीक्षण जय प्रकाश यादव व क्राइम ब्रांच प्रभारी सतेंद्र यादव व उनकी टीम को लगाया था। मंगलवार रात को जयप्रकाश यादव अपनी हमराह फोर्स के साथ चौराहे के पास चेकिंग कर रहे थे, तभी मुखबिर ने सूचना दी कि कुछ लोग सेंगर नदी पुल के पास एक बिना नंबर की कार मेें चोरी का सामान लाद रहे है। उन्होंने क्राइम ब्रांच की टीम को जानकारी दी। सूचना पर क्राइम ब्रंाच की टीम मौके पर पहुंची और उन्हें पकड़ने की कोशिश की तो चोरों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। इसके बावजूद पुलिस ने बिना फायरिंग किए आवश्यक बल प्रयोग कर चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए चोरों के पास से पुलिस ने कार के अलावा 22 मोबाइल टावरों की बैट्री मोबाइल के अलावा तीन तमंचा व कारतूूस बरामद किए।
पूछताछ में पकड़े गए चोरों ने अपने नाम विवेक उर्फ सीटू पुत्र शैलेंद्र सिंह व राहुल यादव पुत्र रमेश चंद्र निवासी जसवंतपुर थाना दन्नाहार मैनपुरी, आदित्य पुत्र राजेश सिंह निवासी ठारपुरा थाना रामगढ़ फीरोजाबाद संदीप कुमार पुत्र श्रीराम निवासी मोहल्ला गाडीवान कोतवाली मैनपुरी बताए। चोरों ने बताया कि उन्होंने 18 बैटरी बेबर क्षेत्र के गांव बनकिया व दो बैटरी बसैत गांव से चोरी की थी। उन्होंने बताया कि उनके पास से बरामद मोबाइल उन्हें चोरी की कार से ही मिला था। एसएसपी ने चोर गिरोह का भंडा फोड़ करनी वाली टीम को दस हजार रुपये का इनाम दिया है। प्रेस वार्ता में एसपी सिटी रामयश सिंह एसपी ग्रामीण राम बदन सिंह भी मौजूद रहे। पकड़े गए चोरों को आवश्यक कार्रवाई के बाद जेल भेज दिया गया है।