अमर उजाला ब्यूरो
इटावा। कोतवाली के करनपुरा से मंगलवार सुबह यमुना में युवक डूब गया। वह नहाते वक्त गहराई में चला गया। जानकारी होने पर लोगों ने उसकी खोजबीन की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लग सका। खबर लिखे जाने तक थाना पुलिस ने खोजबीन में जुटी है।
क्षेत्र के मोहल्ला करनपुरा निवासी दिनेश बाथम (40) पुत्र पल्टू बाथम मंगलवार की सुबह यमुना स्थित 11 रुद्रीय घाट पर नहाने के लिए घर से निकला था। उसने अपने कपडे़ व चप्पल किनारे रख दिए और नहाने लगा। तभी वह अचानक गहरे पानी में चला गया। लोगों ने उसे डूबते देखा तो बचाने का प्रयास किया। लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लग सका।
लोगों ने दिनेश के डूबने की जानकारी उसके परिजनों को दी। सूचना मिलने के बाद परिजन मौके पर पहुंचे और उसकी खोजबीन कराई। लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका। घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। पुलिस उसकी खोजबीन में लगी है।