मुख्यमंत्री को जान से मारने की धमकी देने का आरोपी राजमणि को कोर्ट में पेश करने ले जाती पुलिस।
- फोटो : ETAWHA
इटावा। सोशल मीडिया पर सीएम योगी आदित्यनाथ को जान की धमकी देने वाले युवक को कस्बे से सोमवार सुबह पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। कड़ी सुरक्षा के बीच उसे कोर्ट में पेश किया गया, जहां से जेल भेज दिया गया है।
बकेवर थाना क्षेत्र के बहेड़ा गांव का मूल निवासी राजमणि तिवारी पुत्र अशोक तिवारी ने आगरा से पैथोलॉजिस्ट का कोर्स कर रहा है। कुछ दिनों पहले उसने अपनी फेसबुक आईडी पर एक वीडियो अपलोड किया था। इसमें उसने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को जान से मारने की धमकी दी थी। साथ ही भगवान श्रीराम और जाति विशेष के लोगों पर अभद्र टिप्प्णी की थी।
इटावा फ्रेंड्स कालोनी निवासी क्षत्रिय स्वाभिमान संगठन के विकास भदौरिया की तहरीर पर बकेवर पुलिस ने राजमणि तिवारी और उसके अज्ञात साथियों के विरुद्ध आईटी एक्ट में मुकदमा दर्ज किया था।
बकेवर थाना प्रभारी प्रमोद कुमार शुक्ला ने बताया कि राजमणि को सोमवार सुबह कस्बा स्थित आशु शुक्ला के मकान के पास से गिरफ्तार किया है। उसकी एक बहन की ससुराल बकेवर में है। थानाध्यक्ष का दावा है कि वह बहन यहां आया था।
राजमणि के साथ जाति विशेष के लोगों ने मारपीट करने की धमकी भी दी थी। इसके चलते गिरफ्तारी के बाद उसे कड़ी सुरक्षा व्यवस्था में कोर्ट में पेश करने के लिए ले जाया गया। इसमें छह दरोगा और बीस सिपाही शामिल थे।
मुख्यमंत्री को सोशल मीडिया पर धमकी देने वाले राजमणि तिवारी का कहना है कि दोस्तों ने शराब पिलाकर वीडियो बनाया और धोखे से उसकी फेसबुक आईडी पर अपलोड कर दिया। गिरफ्तारी के बाद बकेवर कोतवाली में राजमणि ने बताया कि वह आगरा में एक कॉलेज से पॉथोलोजिस्ट का कोर्स कर रहा है। बताया कि दोस्तों ने उसे शराब पिला दी थी।
नशे में होने पर उससे बुलवाते गए और मोबाइल पर वीडियो बना लिया। धोखे से बनाए गए वीडियो को उसकी फेसबुक आईडी पर अपलोड कर दिया। उसने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का बहुत सम्मान करता है। उसने जो कुछ भी कहा नशे में कहा, उसका बहुत अफसोस है।