इटावा। कृष्णा नगर कालोनी के पास रेलवे ओवरब्रिज पर सोमवार रात दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में दो युवकों की मौत हो गई। एक घायल को सैफई रेफर किया गया। बढपुरा पुलिस के मुताबिक हेलमेट न होने से दोनों को सिर में चोट लग गई थी।
बढपुरा थाने के पुरारेवाड़ी गांव में रहने वाले हरदयाल कठेरिया के बेटे धर्मेंद्र कुमार (36) टेंपो चालक थे। परिजनों ने बताया कि सोमवार रात बाइक से वह उदी से ऑटो लेने के लिए निकले थे। उसी दौरान उदी की तरफ से नई बस्ती अवारी बढ़पुरा निवासी ओमवीर (21) गांव के ही गोलू (13) के साथ बाइक से गांव लौट रहा था। वह पिता कैलाश को ट्यूबवेल पर खाना देने गया था। इटावा-बाह रोड पर बसे कृष्णा नगर कालोनी रेलवे ओवरब्रिज पर दोनों बाइकों में आमने-सामने की भिड़ंत हो गई। तीनों घायल हो गए। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजा।
डाक्टरों ने गोलू और धर्मेंद्र कुमार को मृत घोषित कर दिया। घायल ओमवीर को प्राथमिक उपचार देकर सैफई रेफर कर दिया गया। दोनों मृतकों के परिवार वालों को जब घटना की जानकारी हुई तो रोते-बिलखते हुए जिला अस्पताल पहुंचे। बढ़पुरा पुलिस ने शवों का पोस्टमार्टम कराया।