इटावा। बारिश में खस्ताहाल सड़कों में जलभराव के विरोध में बुधवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध-प्रदर्शन किया। कांग्रेसियों ने शहर के ओवरब्रिज के नीचे व सर्विस रोड पर जलभराव में धान की पौध लगाई। ताकि सरकार इससे होने वाली उपज को बेचकर सड़कों को गड्ढा मुक्त करा सके। कार्यकर्ताओं ने सरकार विरोधी नारे भी लगाए।
युवक कांग्रेस शहर अध्यक्ष पल्लव दुबे ने कहा कि कई वर्षों से सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे हैं। गड्ढों की वजह से अक्सर वाहन पलट जाते हैं। लोग हादसों का शिकार होते हैं, लेकिन सरकार और प्रशासनिक अधिकारी सड़क की मरम्मत कराने के लिए कोई कदम नहीं उठा रहे हैं।
जबकि इन सड़कों से जन प्रतिनिधियों और आला अफसरों का आए दिन आना-जाना होता है, लेकिन उन्हें जर्जर सड़क नजर नहीं आती है। फर्रुखाबाद रोड के पुल के पास ही नवीन मंडी भी है। प्रतिदिन किसान अपनी फसलें व सब्जियां लेकर बेचने के लिए आते हैं। इन गड्ढों की वजह से हादसों का शिकार हो जाते हैं। गड्ढायुक्त सड़क की वजह से छात्र-छात्राएं व्यापारी सभी परेशान हैं।
कांग्रेसियों ने कहा कि जब तक इन सड़कों की मरम्मत नहीं हो जाती है, कांग्रेस कार्यकर्ता शहर में ऐसे प्रदर्शन करते रहेंगे। कार्यक्रम में पार्टी के जिला अध्यक्ष मलखान सिंह यादव, उदय भान सिंह यादव, राशिद खान, संजय तिवारी ,वाचस्पति द्विवेदी ,आलोक यादव, जितेंद्र सिंह पाल ,विश्राम सिंह यादव, रामजीवन कुशवाहा, अवनीश वर्मा, मोहन लाल प्रजापति, फिरदोस बारिश, सचिन संखवार, सुशीला देवी, अखिलेश कठेरिया ,सुरेंद्र सिंह यादव, रवींद्र सिंह, सिन्टू भदौरिया, मानपाल यादव, ओमप्रकाश यादव, मुन्नू शर्मा, सुमित दीक्षित, समेत तमाम कांग्रेसी मौजूद रहे।