भरथना। देश की प्रगति के लिए कांग्रेस की सरकार जरूरी है। कांग्रेस विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाएं।
यह बात कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अनिल ठाकुर ने एक गेस्ट हाउस में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में लगातार बढ़ रही महंगाई से आम लोगों की कमर टूट गई है।
पेट्रोल-डीजल और गैस सिलिंडर आदि के मूल्य आसमान छू रहे हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए कहा कि राहुल गांधी व प्रियंका गांधी देश भर में लगातार भाजपा सरकार के खिलाफ संघर्ष कर रहे है। कांग्रेस पार्टी की विचारधारा को नेता व कार्यकर्ता जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करें।
श्वेता मिश्रा, प्रतिमा वर्मा ने आने विधान सभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी के पक्ष में समर्थन जुटाने की अपील की। इससे पहले मौजूद अतिथियों का कांग्रेस महिला जिलाध्यक्ष कमला वर्मा, उदयवीर सिंह, सुबोध मिश्रा आदि ने माल्यार्पण कर स्वागत किया।
इस दौरान ब्रह्मा देवी, संध्या देवी, जैबुन निशा, शरबरी, श्याम सिंह, नारद, सत्यदेव, दीपू सिंह ,राधे श्याम, चंदन और अर्जुन आदि मौजूद रहे।