बकेवर। हाईवे पर अवैध कट से निकलने की जल्दबाजी किसान की मौत का सबब बन गई। इटावा-कानपुर सिक्सलेन हाईवे पर सराय मिट्ठे गांव के सामने बुधवार दोपहर तेज रफ्तार कार ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार किसान व बेटा घायल हो गए। जिला अस्पताल में डॉक्टर ने घायल किसान को मृत घोषित कर दिया। बेटे को सैफई मेडिकल यूनिवर्सिटी रेफर कर दिया गया।
बिधनू औरैया कोतवाली क्षेत्र के रुरुगंज के पुरवा भदौरिया गांव निवासी किसान रामचंद्र सिंह (58) बेटे विपिन (35) के साथ बिधूना से इकदिल क्षेत्र में हाईवे स्थित कोल्डस्टोरेज पर रखा अपना आलू बेचने जा रहे थे। बाइक सवार पिता-पुत्र सरायमिट्ठे गांव के सामने अवैध कट से सिक्सलेन पार कर बकेवर से इटावा मार्ग पर जाने लगे। इस दौरान बकेवर से आ रही तेज रफ्तार कार ने बाइक में टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार पिता-पुत्र दोनों उछल कर सड़क पर गिर पड़े। घटनास्थल के पास ही डॉयल 112 गाड़ी खड़ी थी। साथ ही पुलिस भी मौजूद थी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक पुलिस ने हादसा कर भाग रहे कार चालक को पकड़ने का प्रयास भी नहीं किया और न ही घायलों को अस्पताल पहुंचाने के लिए आगे बढ़े। पुलिस की कार्यशैली से नाराज आसपास के लोगों व राहगीरों ने घायलों को जबरदस्ती डॉयल 112 की गाड़ी में लाद दिया। पुलिस घायलों को अस्पताल लेकर पहुंची तब तक काफी देर हो चुकी थी।
अस्पताल में डॉक्टर ने रामचंद्र को मृत घोषित कर दिया। घायल विपिन को सैफई मेडिकल यूनिवर्सिटी रेफर कर दिया गया। बकेवर थाना पुलिस ने अज्ञात कार चालक के खिलाफ तेजी व लापरवाही से वाहन चलाकर जान लेने का मामला दर्ज किया है। थाना प्रभारी विद्या सागर सिंह के मुताबिक जल्द ही कार व चालक को पकड़ लिया जाएगा।
हादसे के बाद सिक्सलेन हाईवे पर बड़ी संख्या में लोगों का जमावड़ा लग गया। इससे जाम लग गया। सड़क के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई। इस दौरान पुलिस को भी मौके पर पहुंचने में देरी हुई। पुलिस ने क्षतिग्रस्त बाइक और भीड़ को हाईवे से किनारे कराया। इसके बाद वाहनों को एक-एक कर रवाना किया गया। करीब आधा घंटे के बाद हाईवे पर यातायात व्यवस्था सुचारु हो सकी।
विपिन बाइक चला रहा था। पुलिस के मुताबिक बाइक चलाते समय विपिन ने हेलमेट लगा रखा था। रामचंद्र हेलमेट नहीं लगाए थे। कार की टक्कर से पिता व पुत्र सड़क पर गिरे। झटका लगने से विपिन का हेलमेट निकल गया। हालांकि उसके सिर पर चोट नहीं आई। हेलमेट न होने से रामचंद्र के सिर पर गंभीर चोट आई और उनकी मौत हो गई। पुलिस का कहना है कि रामचंद्र अगर हेलमेट लगाए होते तो जान बच सकती थी।
बाइक सवार सिक्सलेन हाईवे पर अवैध कट से सड़क पार कर रहे थे। तभी बेकवर की तरफ से आ रहे कार चालक अचानक बाइक सामने आने से घबरा गया। इससे कार और बाइक में भिड़ंत हो गई। हादसे के बाद पुलिस ने अवैध कट को पत्थर लगा कर बंद करा दिया। इसके पहले भी हाईवे पर एनएचएआई अवैध कट को बंद करा चुकी थी। गांव के लोगों ने शार्ट कट के चक्कर में फिर अवैध रुप से कट बना लिया।