संदिग्ध हालात में युवक की मौत, हत्या की आशंका
एटा। कोतवाली नगर के मोहल्ला वनगांव स्थित ससुराल में चार साल से रह रहे युवक की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। शव लेकर पत्नी सिकंदराराऊ क्षेत्र स्थित अपनी ससुराल पहुंची। परिजनों ने युवक की हत्या करने की आशंका जताई है।
जिला हाथरस थाना सिकंदराराऊ क्षेत्र के गांव हिम्मतपुर किचौरा निवासी पूरन सिंह का बेटा अतुल कुमार(26) पत्नी राधा देवी और दो बच्चों के साथ चार साल से अपनी ससुराल में रह रहा था। राधा ने बताया कि शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे अचानक अतुल की तबीयत खराब हो गई। ससुराल पक्ष के लोग उसे लेकर आगरा रोड स्थित एक निजी अस्पताल में पहुंचे। यहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
मृतक के फुफेरे भाई हरेंद्र ने बताया कि अस्पताल जाकर पता किया गया तो चिकित्सकों का कहना था कि जब अतुल को लाया गया था उससे पहले ही उसकी तक मौत हो चुकी थी। राधा परिजनों के साथ शव लेकर ससुराल पहुंची। अतुल के परिजनों ने हत्या की आशंका जताई और शव लेकर जिला अस्पताल स्थित पोस्टमार्टम हाउस आ गए। प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र नाथ मिश्र ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।